हरिद्वार के लक्सर क्षेत्र में बुधवार दोपहर एक सनसनीखेज घटना ने पूरे इलाके को हिलाकर रख दिया। रुड़की कारागार से पेशी पर लाए जा रहे पश्चिम यूपी के कुख्यात बदमाश विनय त्यागी पर अज्ञात हमलावरों ने पुलिस वाहन को घेरकर अंधाधुंध फायरिंग कर दी। इस घटना में बदमाश को दो गोलियां लगीं। जबकि दो पुलिसकर्मी भी घायल हो गए। घटना इतनी खौफनाक थी कि इलाके में अफरातफरी मच गई। मानो कोई बॉलीवुड फिल्म का सीन हो।
पुलिस के अनुसार, दोपहर करीब 2 बजे रुड़की जेल से विनय त्यागी को लक्सर कोर्ट में पेशी के लिए ले जाया जा रहा था। लक्सर रोड पर जैसे ही पुलिस वाहन पहुंचा पहले से घात लगाए हमलावरों ने अचानक गोलीबारी शुरू कर दी। हमलावरों ने कम से कम 8-10 राउंड फायर किए, जिसमें से दो गोलियां विनय त्यागी के सीने और पैर में लगीं। घायल बदमाश को तुरंत लक्सर के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उसे हायर सेंटर रेफर कर दिया गया। उसकी हालत गंभीर बताई जा रही है। हेड कांस्टेबल राजेंद्र सिंह और कांस्टेबल मनोज कुमार गोली के छर्रों से जख्मी हुए हैं। दोनों को स्थानीय अस्पताल में भर्ती कराया गया है। फायरिंग की सूचना मिलते ही हरिद्वार एसएसपी प्रमेंद्र डोभाल समेत वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे। पूरे जिले में नाकेबंदी कर सघन चेकिंग अभियान शुरू हो गया। उत्तर प्रदेश के मेरठ, मुजफ्फरनगर और बिजनौर में भी पुलिस टीमें दबिशें दे रही हैं। घटना के बाद हरिद्वार पुलिस ने लक्सर रोड पर ड्रोन सर्विलांस और सीसीटीवी फुटेज खंगालना शुरू कर दिया। यूपी-उत्तराखंड बॉर्डर पर 20 से ज्यादा नाके लगाए गए। ग्रामीण इलाकों में सर्च ऑपरेशन तेज हो गया है। सुरक्षा विशेषज्ञों का कहना है कि पेशी के दौरान वाहन पर अतिरिक्त गार्ड न होने से यह चूक हुई। अब जेल से कोर्ट ले जाने की प्रक्रिया में बदलाव की मांग उठ रही है। स्थानीय लोगों ने डर जताया कि हरिद्वार लक्सर हमला से इलाके में अपराधियों का मनोबल बढ़ेगा।

विनय त्यागी कौन है?
विनय त्यागी मेरठ का हिस्ट्रीशीटर बदमाश है। बताया जाता है कि वह सुनील राठी गैंग से जुड़ा है। सुनील राठी गैंग उत्तर प्रदेश-उत्तराखंड बॉर्डर पर सक्रिय कई आपराधिक घटनाओं के लिए कुख्यात है। विनय के खिलाफ रुड़की, लक्सर और देहरादून में चोरी, लूट और धोखाधड़ी के 10 से ज्यादा मुकदमे दर्ज हैं। लगभग डेढ़ महीने पहले उसे देहरादून में चोरी के मामले में गिरफ्तार किया गया था। इस बार पेशी का कारण लक्सर थाने में दर्ज एक करोड़ रुपये की धोखाधड़ी का केस था। जिसमें विनय और उसकी पत्नी दोनों आरोपी हैं। पुलिस सूत्रों के मुताबिक यह हमला गैंगवार का हिस्सा हो सकता है। उत्तराखंड में गैंगवार की आशंका से पुलिस अलर्ट है। एसएसवी डोभाल ने कहा कि हमला सुनियोजित लग रहा है। हमलावरों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए विशेष टीमें गठित की गई हैं। सुरक्षा व्यवस्था में लापरवाही की जांच भी चल रही है।
यह भी पढ़ें : Uttarakhand कैबिनेट ने आयुष्मान योजना बदली, कर्मचारी अंशदान 450 रुपये तक










