हरिद्वार के लक्सर क्षेत्र में बुधवार दोपहर एक बजे गोलीकांड के तीन दिन बाद कुख्यात अपराधी विनय त्यागी की मौत हो गई। मेरठ निवासी विनय को रुड़की कारागार से धोखाधड़ी के मामले में लक्सर एसीजेएम कोर्ट पेशी के लिए ले जाते समय लक्सर-हरिद्वार हाईवे के ओवरब्रिज पर बाइक सवार दो नकाबपोश बदमाशों ने सरकारी टाटा सूमो वाहन पर अंधाधुंध फायरिंग कर दी थी। इस हमले में विनय के सीने, हाथ और गले में तीन गोलियां लगीं। जबकि वाहन में मौजूद छह पुलिसकर्मियों और चालक में से दो को मामूली चोटें आईं। एम्स ऋषिकेश के ट्रॉमा सेंटर में वेंटिलेटर पर उपचाररत विनय की शनिवार सुबह करीब सात बजे मौत हो गई, जिसकी पुष्टि पीआरओ श्रीलॉय मोहंती ने की। विनय त्यागी की मौत के बाद उत्तराखंड में गैंगवार की आशंका बढ़ गई है। इसके मद्देनजर एसएसपी हरिद्वार ने गैंगवार रोकने के लिए विशेष टीम गठित की है। सीसीटीवी फुटेज और तकनीकी निगरानी से अन्य संदिग्धों की तलाश जारी है।
घटना उस समय घटी जब पुलिस वाहन फ्लाईओवर के मध्य जाम में रुक गया। पहले से घात लगाए बदमाशों ने मौके का फायदा उठाते हुए गोलियां बरसाईं और भीड़ का सहारा लेकर फरार हो गए। घायल विनय को तत्काल लक्सर सीएचसी ले जाया गया। जहां प्राथमिक उपचार के बाद कड़ी सुरक्षा में एम्स ऋषिकेश रेफर कर दिया गया। रात में एम्स पहुंचने पर विनय का सीने से दो गोलियां निकालने का ऑपरेशन किया गया, लेकिन हालत गंभीर बनी रही। परिजनों ने इलाज में देरी का आरोप लगाया। विनय की बेटी तन्वी और भतीजे ऋतिक त्यागी का कहना था कि हमले के 12 घंटे बाद ऑपरेशन शुरू हुआ और एम्स ले जाते समय एंबुलेंस धीमी चली। उन्होंने जीओ-टैग वीडियो का हवाला देते हुए लापरवाही का आरोप लगाया, लेकिन एम्स प्रशासन ने इसे निराधार बताते हुए सुरक्षा प्रोटोकॉल का हवाला दिया । पोस्टमॉर्टम एम्स में ही होगा। शव हरिद्वार पुलिस ने कब्जे में ले लिया है ।

आरोपी गिरफ्तार, विवाद का खुलासा
पुलिस ने बृहस्पतिवार को खानपुर थाना क्षेत्र के जंगल से दोनों शूटरों को गिरफ्तार कर लिया। मुख्य आरोपी सन्नी यादव उर्फ शेरा (गुलजारपुर, काशीपुर, ऊधम सिंह नगर) और उसका साथी अजय (खरमासा कॉलोनी, काशीपुर) का आपराधिक इतिहास रहा है। दोनों काशीपुर डकैती मामले में जेल जा चुके हैं। सन्नी ने पूछताछ में कबूल किया कि विनय के साथ पैसों के लेन-देन का पुराना विवाद था। सन्नी की रकम मांगने पर विनय ने हत्या की धमकी दी, जिससे भड़ककर उसने साजिश रची। विनय की रुड़की जेल शिफ्टिंग और लक्सर पेशी की जानकारी मिलते ही रेकी की गई । गैंगवार की आशंका से दोनों को रुड़की की जगह हरिद्वार जेल शिफ्ट किया गया ।
विनय त्यागी का अपराधिक बैकग्राउंड
पश्चिमी उत्तर प्रदेश का हिस्ट्रीशीटर विनय त्यागी मेरठ गैंग्स से जुड़ा था। धोखाधड़ी समेत कई आपराधिक मामले दर्ज थे, जिसके चलते वह रुड़की कारागार में बंद था। दिनदहाड़े पुलिस अभिरक्षा में हमला अपराधियों के बीच तनाव को दर्शाता है, खासकर मेरठ-काशीपुर गुटों के बीच । पुलिस ने जिले में हाई अलर्ट जारी कर दिया है।










