मुख्य सचिव आनंद बर्द्धन की अध्यक्षता में उत्तर रेलवे के डीआरएम मुरादाबाद विनीता श्रीवास्तव के साथ मुख्य सचिवालय में बैठक आयोजित हुई। बैठक में उत्तर रेलवे से जुड़ी परियोजनाओं और प्रकरणों की समीक्षा की गई। मुख्य सचिव ने ऋषिकेश–डोईवाला बाईपास रेलवे लाइन परियोजना के तहत राजाजी नेशनल पार्क और वन विभाग की 3.62 हेक्टेयर वन भूमि का संयुक्त सर्वेक्षण कराते हुए निरीक्षण आख्या शासन को उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। देहरादून–मोहण्ड–सहारनपुर टनल आधारित रेलवे लाइन परियोजना के संबंध में फाइलन सर्व कराते हुए अद्यतन स्थिति शीघ्र साझा करने को कहा गया। इसके अलावा, हर्रावाला रेलवे स्टेशन के विस्तारीकरण मास्टर प्लान को शासन से साझा करने और संयुक्त निरीक्षण कर आख्या उपलब्ध कराने पर जोर दिया गया।
हरिद्वार कुंभ 2027 को ध्यान में रखते हुए मुख्य सचिव ने रेलवे अधिकारियों को निर्देश दिए कि डीएम हरिद्वार, एसएसपी हरिद्वार, मेलाधिकारी और राजकीय रेलवे पुलिस (जीआपी) के साथ मिलकर यातायात योजना तैयार की जाए ताकि श्रद्धालुओं को सुगम यात्रा सुनिश्चित हो सके। उन्होंने हरिद्वार रेलवे सुरंग के पास ढलान स्थिरीकरण कार्य शीघ्र पूरा करने और कार्रवाई की आख्या शासन को उपलब्ध कराने को भी कहा। मुख्य सचिव ने बैठक में रेलवे और जिला प्रशासन के संयुक्त प्रयासों की आवश्यकता पर जोर देते हुए कहा कि परियोजनाओं की समय प्रगति सुनिश्चित करने और कुंभ के दौरान यातायात व्यवस्थाओं को दुरुस्त रखने के लिए त्वरित और समन्वित कदम उठाए जाएं।








