होमगार्ड्स वर्दी खरीद में अनियमितता : मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने होमगार्ड्स एवं नागरिक सुरक्षा विभाग में वर्दी सामग्री की खरीद से जुड़े गंभीर अनियमितताओं के मामले में कड़ा रुख अपनाते हुए डिप्टी कमांडेंट होमगार्ड अमिताभ श्रीवास्तव को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है। साथ ही पूरे प्रकरण की विस्तृत जांच के लिए संयुक्त जांच समिति गठित करने के निर्देश दिए गए हैं। यह प्रकरण वित्तीय वर्ष 2024-25 एवं 2025-26 के दौरान होमगार्ड्स के लिए वर्दी सामग्री की खरीद प्रक्रिया से संबंधित है। आरोप है कि टेंडर प्रक्रिया के दौरान निर्धारित नियमों और प्रक्रियाओं की अनदेखी की गई तथा वित्तीय अनियमितताओं को अंजाम दिया गया। मामले की गंभीरता को देखते हुए महानिदेशक, होमगार्ड्स एवं नागरिक सुरक्षा, देहरादून की ओर से शासन को एक विस्तृत रिपोर्ट भेजी गई थी जिसमें टेंडर प्रक्रिया में पारदर्शिता के अभाव और नियमों के उल्लंघन की बात सामने आई।
महानिदेशक की संस्तुति पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने तत्काल कार्रवाई करते हुए डिप्टी कमांडेंट को निलंबित करने का निर्णय लिया। साथ ही मामले की निष्पक्ष और गहन जांच सुनिश्चित करने के लिए संयुक्त जांच समिति के गठन के निर्देश दिए गए हैं। यह समिति खरीद प्रक्रिया से जुड़े सभी पहलुओं की जांच कर यह तय करेगी कि अनियमितताओं में किन-किन अधिकारियों और कर्मचारियों की भूमिका रही है। मुख्यमंत्री धामी ने स्पष्ट शब्दों में कहा कि राज्य सरकार भ्रष्टाचार के प्रति जीरो टॉलरेंस की नीति पर काम कर रही है और किसी भी स्तर पर अनियमितता या भ्रष्ट आचरण को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने कहा कि जनधन के दुरुपयोग का कोई भी प्रयास स्वीकार्य नहीं है और दोषी पाए जाने वाले किसी भी अधिकारी या कर्मचारी के खिलाफ कड़ी से कड़ी कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।
मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि भविष्य में सभी खरीद प्रक्रियाएं पूरी पारदर्शिता, प्रतिस्पर्धा और निर्धारित नियमों के अनुरूप ही संचालित की जाएं। उन्होंने कहा कि सरकारी विभागों में जवाबदेही और ईमानदारी बनाए रखना सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है। इस कार्रवाई को राज्य सरकार की भ्रष्टाचार के खिलाफ सख्त नीति के रूप में देखा जा रहा है। माना जा रहा है कि इससे विभागीय स्तर पर अनुशासन और पारदर्शिता को मजबूती मिलेगी तथा भविष्य में ऐसी अनियमितताओं पर प्रभावी अंकुश लगेगा।
यह भी पढ़ें : सुनीता विलियम्स नासा से रिटायर, बोलीं- अंतरिक्ष से नहीं भालुओं से लगता है डर








