मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने बिलखेत में नयार वैली फेस्टिवल का शुभारंभ किया। इसके साथ ही नयार घाटी की पर्यटन, संस्कृति और साहसिक गतिविधियों को नई पहचान दिलाने की पहल शुरू हुई। मुख्यमंत्री ने नयार घाटी में पैराग्लाइडिंग प्रशिक्षण केंद्र स्थापित करने की घोषणा की। पर्यटन संवर्धन के तहत पोखड़ा में रसलवांण दीवा मंदिर, बीरोंखाल में कालिंका मंदिर, एकेश्वर में एकेश्वर महादेव मंदिर और पाबौ में चम्पेश्वर महादेव मंदिर से जुड़े स्थलीय विकास कार्य कराए जाने की भी घोषणा की।
कार्यक्रम स्थल पर लगे विभिन्न विभागों के स्टॉलों का निरीक्षण कर उन्होंने योजनाओं की प्रगति जानी और लाभार्थियों को किट व उपकरण वितरित किए। महिला स्वयं सहायता समूहों और स्थानीय लोगों से संवाद कर योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने पर बल दिया।मुख्यमंत्री ने पैराग्लाइडिंग, पैरामोटरिंग, हॉट एयर बलून, माउंटेन बाइकिंग, कयाकिंग, एंगलिंग, जिपलाइन, बर्मा ब्रिज और रिवर्स बंजी जैसी गतिविधियों को फ्लैग ऑफ कर महोत्सव का औपचारिक आगाज़ किया। उन्होंने कहा कि नयार वैली प्राकृतिक सौंदर्य और एडवेंचर पर्यटन की दृष्टि से समृद्ध है। ऐसे आयोजनों से युवाओं को स्वरोजगार मिलेगा और स्थानीय अर्थव्यवस्था मजबूत होगी।

होली की अग्रिम शुभकामनाएं देते हुए उन्होंने कहा कि जनपद के समग्र विकास हेतु कई परियोजनाओं पर तेजी से काम हो रहा है। नरेन्द्र मोदी के मार्गदर्शन में राज्य सरकार सड़क, बिजली, पेयजल, दूरसंचार, शिक्षा और स्वास्थ्य जैसी मूलभूत सुविधाओं को सुदृढ़ करने के लिए प्रतिबद्ध है। इस अवसर पर पर्यटन मंत्री सतपाल महाराज, विधायक राजकुमार पोरी समेत जनप्रतिनिधि और अधिकारी उपस्थित रहे।








