गृहमंत्री अमित शाह ने शनिवार को उत्तराखंड दौरे के दौरान घुसपैठ के मुद्दे पर राहुल गांधी और कांग्रेस पर तीखा हमला बोला। उत्तराखंड सरकार के चार साल पूरे होने पर आयोजित कार्यक्रम में उन्होंने कहा कि जो लोग भारत के नागरिक नहीं हैं, उन्हें देश से बाहर किया जाएगा। गृहमंत्री ने कहा कि देश में घुसपैठ को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। केदारनाथ से कन्याकुमारी तक राहुल बाबा को जितना विरोध करना है करें लेकिन घुसपैठियों को भारत से बाहर निकालने का काम जारी रहेगा। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस हर मुद्दे को नकारात्मक नजर से देखती है जबकि नौ साल के कार्यकाल में यानी त्रिवेंद्र सिंह रावत से लेकर पुष्कर सिंह धामी तक की सरकार पर भ्रष्टाचार का कोई आरोप नहीं लगा। उन्होंने जनता से तीसरे कार्यकाल के लिए आशीर्वाद मांगा।
शाह ने कहा कि भाजपा सरकार ने तुष्टिकरण की राजनीति समाप्त करने का काम किया है। उन्होंने बताया कि समान नागरिक संहिता लागू करने वाला उत्तराखंड देश का पहला राज्य बना है और यह कानून जनसांख्यिकीय असंतुलन को रोकने में भी मदद करेगा। इसके लिए एक हाईपावर कमेटी बनाने का निर्णय लिया गया है जो जल्द काम शुरू करेगी।
कांग्रेस से हिसाब मांगने की बात
गृहमंत्री ने कांग्रेस पर हमला करते हुए कहा कि जनता को कांग्रेस से विकास कार्यों का हिसाब मांगना चाहिए। उन्होंने कहा कि 2014 के बाद से केंद्र सरकार ने उत्तराखंड को बड़े पैमाने पर आर्थिक सहयोग दिया है। उनके अनुसार, केंद्र की नरेंद्र मोदी सरकार ने राज्य में पूंजी निवेश के लिए करीब 1.87 लाख करोड़ रुपये उपलब्ध कराए। इसके अलावा चार धामों के विकास के लिए लगभग 12 हजार करोड़ रुपये खर्च किए गए हैं। शाह ने कहा कि 2009 से 2014 के बीच राज्य का औसत बजट करीब 187 करोड़ रुपये था जबकि भाजपा सरकार के दौरान यह बढ़कर 4,770 करोड़ रुपये तक पहुंच गया। उन्होंने दावा किया कि राज्य की प्रति व्यक्ति आय 2014 में 1.25 लाख रुपये से बढ़कर 2.73 लाख रुपये हो गई है और राज्य का जीएसडीपी 3.5 लाख करोड़ रुपये तक पहुंच गया है।

तीसरा मौका दें
गृहमंत्री ने कहा कि कांग्रेस ने राज्य को बिखेरने का काम किया है, जबकि भाजपा सरकार ने विकास को प्राथमिकता दी है। उन्होंने जनता से अपील करते हुए कहा कि 2027 के चुनाव में भाजपा को तीसरा मौका दें ताकि उत्तराखंड को देश में नंबर एक राज्य बनाया जा सके। कार्यक्रम के दौरान गृहमंत्री ने पाकिस्तान और अफगानिस्तान से आए पांच शरणार्थियों को भारतीय नागरिकता के प्रमाणपत्र भी प्रदान किए। इनमें शैलेष, जसपाल परमार, दुर्गा लाली राजपूत और हसेरी बाई शामिल हैं। साथ ही उत्कृष्ट कार्य करने वाले पांच पुलिस आरक्षियों को भी सम्मानित किया गया।
कई कार्यक्रमों में हुए शामिल
इससे पहले गृहमंत्री का मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने स्वागत किया और पारंपरिक टोपी भेंट कर सम्मानित किया। इसके बाद उन्होंने हरिद्वार में ई-जीरो एफआईआर प्रणाली का उद्घाटन किया। शाह ने लगभग 1100 करोड़ रुपये की विभिन्न परियोजनाओं का शिलान्यास और लोकार्पण भी किया। इसमें 312.31 करोड़ रुपये की 19 परियोजनाओं का शिलान्यास और 115.09 करोड़ रुपये की 32 परियोजनाओं का लोकार्पण शामिल है। प्रदेश सरकार की ओर से चार साल के कार्यकाल को लेकर राज्यस्तरीय प्रदर्शनी भी लगाई गई, जिसमें समान नागरिक संहिता, सख्त नकलरोधी कानून, जबरन धर्मांतरण रोकथाम कानून और नए आपराधिक कानूनों के क्रियान्वयन जैसे फैसलों की झलक दिखाई गई।









