Uttarakhand के ऊर्जा क्षेत्र में एक बार फिर बड़ा प्रशासनिक फेरबदल देखने को मिला है। शासन ने उत्तराखंड पावर कॉरपोरेशन लिमिटेड (यूपीसीएल) और उत्तराखंड जल विद्युत निगम लिमिटेड (यूजेवीएनएल) में शीर्ष स्तर पर बदलाव करते हुए नए प्रबंध निदेशकों (एमडी) की नियुक्ति कर दी है। इस निर्णय को ऊर्जा विभाग की कार्यप्रणाली को और अधिक प्रभावी व जवाबदेह बनाने की दिशा में अहम कदम माना जा रहा है। जारी आदेश के अनुसार, गजेंद्र सिंह बुटियाल को यूपीसीएल का नया एमडी बनाया गया है जबकि अजय कुमार सिंह को यूजेवीएनएल की कमान सौंपी गई है। शासन द्वारा यह निर्णय ऐसे समय में लिया गया है जब ऊर्जा क्षेत्र में बेहतर प्रबंधन, वित्तीय संतुलन और परियोजनाओं के समयबद्ध क्रियान्वयन की आवश्यकता लगातार महसूस की जा रही है।
गौरतलब है कि इससे पहले दोनों निगमों के एमडी समेत कई अधिकारियों को सेवा विस्तार दिया गया था। प्रमुख सचिव ऊर्जा और सचिव स्तर से जारी आदेशों के तहत 30 जून 2024 तक कार्यकाल बढ़ाया गया था। हालांकि, अब प्रशासनिक प्राथमिकताओं और कार्यकुशलता को ध्यान में रखते हुए यह नया फेरबदल किया गया है। नए एमडी के रूप में गजेंद्र सिंह बुटियाल से उम्मीद की जा रही है कि वे यूपीसीएल में बिजली आपूर्ति व्यवस्था को और सुदृढ़ करेंगे साथ ही उपभोक्ता सेवाओं में सुधार और लाइन लॉस को कम करने पर विशेष ध्यान देंगे। राज्य में बढ़ती बिजली मांग के बीच वितरण व्यवस्था को बेहतर बनाना उनके सामने एक बड़ी चुनौती होगी।
यह भी पढ़ें : सरकारी नौकरियों की दौड़ में पुरुष आगे, महिलाओं की हिस्सेदारी 40% पर सिमटी
वहीं, यूजेवीएनएल के नए एमडी अजय कुमार सिंह के सामने जल विद्युत परियोजनाओं को गति देने और नई परियोजनाओं के क्रियान्वयन को समय पर पूरा करने की जिम्मेदारी होगी। राज्य की ऊर्जा जरूरतों को पूरा करने में जल विद्युत की महत्वपूर्ण भूमिका को देखते हुए यह नियुक्ति काफी अहम मानी जा रही है। इसके अलावा शासन ने कुछ अन्य अधिकारियों के दायित्वों में भी बदलाव किया है। हालांकि अभी कुछ पदों पर नई नियुक्तियां नहीं की गई हैं जिससे संकेत मिलते हैं कि आने वाले समय में और भी प्रशासनिक बदलाव हो सकते हैं।








