नीट यूजी-2026 की पुनः परीक्षा में शामिल होने वाले उत्तराखंड के अभ्यर्थियों को राज्य सरकार ने बड़ी राहत दी है। प्रदेश सरकार ने निर्णय लिया है कि पुनः परीक्षा में सम्मिलित होने वाले उत्तराखंड के स्थायी निवासी अभ्यर्थियों को उत्तराखंड परिवहन निगम की बसों में निशुल्क यात्रा सुविधा प्रदान की जाएगी।
इस संबंध में सचिव परिवहन बृजेश कुमार संत ने उत्तराखण्ड परिवहन निगम के प्रबंध निदेशक को आवश्यक निर्देश जारी कर दिए हैं। आदेश के अनुसार, अभ्यर्थियों को नीट (यूजी)-2026 का प्रवेश पत्र दिखाने पर यह सुविधा उपलब्ध होगी। सरकार द्वारा जारी निर्देशों के मुताबिक निशुल्क यात्रा केवल उत्तराखंड परिवहन निगम द्वारा संचालित साधारण श्रेणी की बसों में तथा परीक्षा केंद्र के निकटतम मार्गों पर ही मान्य होगी। यह सुविधा केवल उत्तराखंड राज्य के स्थायी निवासी अभ्यर्थियों के लिए लागू रहेगी।
अभ्यर्थी परीक्षा तिथि से दो दिन पूर्व अपने गृह स्थान अथवा वर्तमान निवास स्थान से परीक्षा केंद्र तक निशुल्क यात्रा कर सकेंगे। वहीं परीक्षा समाप्त होने के बाद दो दिन के भीतर परीक्षा केंद्र से अपने गृह स्थान या वर्तमान प्रवास स्थल तक वापसी यात्रा भी निशुल्क होगी। राज्य सरकार के इस निर्णय से दूरदराज क्षेत्रों से परीक्षा देने आने वाले विद्यार्थियों और उनके परिवारों को आर्थिक राहत मिलने की उम्मीद है। सरकार का मानना है कि इस व्यवस्था से अभ्यर्थियों को परीक्षा केंद्र तक पहुंचने में सुविधा होगी और उन पर अतिरिक्त परिवहन खर्च का बोझ नहीं पड़ेगा।










