चारधाम यात्रा इस वर्ष नए रिकॉर्ड की ओर बढ़ रही है। यात्रा शुरू होने के महज 25 दिनों के भीतर ही चारधाम पहुंचने वाले श्रद्धालुओं की संख्या 12 लाख 60 हजार के पार पहुंच गई है। सबसे अधिक उत्साह श्री केदारनाथ धाम को लेकर देखने को मिल रहा है। कठिन और उच्च हिमालयी क्षेत्र में स्थित होने के बावजूद 22 दिनों में ही 5 लाख 23 हजार से अधिक श्रद्धालु बाबा केदार के दर्शन कर चुके हैं।

सरकारी आंकड़ों के अनुसार, 19 अप्रैल से शुरू हुई यात्रा में 13 मई तक कुल 12.60 लाख से अधिक श्रद्धालु चारधाम पहुंच चुके हैं। इनमें श्री केदारनाथ धाम में 5,23,582, श्री बदरीनाथ धाम में 3,24,081, श्री गंगोत्री धाम में 2,05,425 और श्री यमुनोत्री धाम में 2,07,390 तीर्थयात्रियों ने दर्शन किए। मंगलवार को अकेले चारों धामों में 80,401 श्रद्धालुओं ने दर्शन किए। इनमें सर्वाधिक 32,423 श्रद्धालु श्री केदारनाथ धाम पहुंचे। वहीं श्री बदरीनाथ धाम में 21,260, श्री यमुनोत्री धाम में 13,403 और श्री गंगोत्री धाम में 13,315 श्रद्धालुओं ने दर्शन किए।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ड्रीम प्रोजेक्ट के तहत केदारनाथ धाम में हुए पुनर्निर्माण कार्यों और यात्रा व्यवस्थाओं में सुधार का असर भी साफ दिखाई दे रहा है। बेहतर पैदल मार्ग, सुविधाओं के विस्तार और डिजिटल मॉनिटरिंग सिस्टम के चलते श्रद्धालुओं का भरोसा बढ़ा है। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि चारधाम यात्रियों की सुरक्षा और सुविधा सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है। मौसम की लगातार निगरानी की जा रही है और अधिकारियों को निर्देश दिए गए हैं कि प्रतिकूल परिस्थितियों में भी श्रद्धालुओं की सुरक्षा सुनिश्चित की जाए।

उन्होंने बताया कि स्लॉट प्रबंधन, भीड़ नियंत्रण प्रणाली और रियल टाइम डिजिटल मॉनिटरिंग को और प्रभावी बनाया गया है ताकि यात्रा सुरक्षित, सुगम और व्यवस्थित बनी रहे। बीते चार वर्षों के आंकड़े भी केदारनाथ यात्रा के प्रति बढ़ती आस्था की तस्वीर पेश करते हैं। वर्ष 2022 से 2025 तक कुल 69 लाख 45 हजार 487 श्रद्धालु श्री केदारनाथ धाम पहुंच चुके हैं। इनमें वर्ष 2022 में 15,64,248, वर्ष 2023 में 19,58,863, वर्ष 2024 में 16,53,581 और वर्ष 2025 में 17,68,795 श्रद्धालु शामिल हैं।










