मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार शनिवार को दो दिवसीय उत्तराखंड दौरे पर उत्तरकाशी पहुंचे। झाला हेलीपैड पर मुख्य निर्वाचन अधिकारी डॉ. बीवीआरसी पुरुषोत्तम ने उनका स्वागत किया। दौरे के दौरान उन्होंने भारत-चीन सीमा से सटे गंगोत्री विधानसभा क्षेत्र के सीमांत गांव हर्षिल स्थित पोलिंग बूथ का स्थलीय निरीक्षण कर विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) की तैयारियों की समीक्षा की।
मुख्य निर्वाचन आयुक्त ने बूथ लेवल ऑफिसर्स के साथ विस्तृत संवाद करते हुए बीएलओ ऐप के माध्यम से मतदाता सूची में एब्सेंट, शिफ्टेड, डेथ, डुप्लीकेट और विदेशी मतदाताओं की पहचान और सूची शुद्धिकरण की प्रक्रिया की जानकारी ली। उन्होंने कहा कि बीएलओ जमीनी स्तर पर कर्मठता से कार्य कर रहे हैं और 18 वर्ष की आयु पूर्ण कर चुके पात्र नागरिकों को मतदाता सूची में जोड़ने का अभियान भी चला रहे हैं।
हर्षिल की बूथ लेवल ऑफिसर मिंटो देवी के कार्यों की सराहना करते हुए उन्होंने कहा कि उनका समर्पण पूरे देश के लिए प्रेरणादायी है। उन्होंने कहा, एसआईआर कार्य में समर्पण के साथ जुटे सभी बीएलओ को चुनाव आयोग सैल्यूट करता है। दौरे के दौरान मुख्य निर्वाचन आयुक्त गंगोत्री स्थित विशेष पोलिंग बूथ भी पहुंचे जहां मतदाता केवल साधु-संत और संन्यासी हैं।

उन्होंने साधु-संतों के साथ विस्तृत संवाद करते हुए दुर्गम परिस्थितियों और कड़ाके की ठंड के बावजूद लोकतांत्रिक प्रक्रिया में उनकी सक्रिय भागीदारी की सराहना की। उन्होंने कहा कि ऐसा पोलिंग बूथ, जहां शत-प्रतिशत मतदाता साधना में लीन संत हों, भारतीय लोकतंत्र की विविधता और मजबूती का अनूठा उदाहरण है। मुख्य निर्वाचन आयुक्त ने अपनी धर्मपत्नी के साथ गंगोत्री मंदिर में विशेष पूजा-अर्चना कर देश की सुख-समृद्धि और खुशहाली की कामना की।
देहरादून में होगी समीक्षा बैठक
देर शाम हर्षिल में मुख्य निर्वाचन आयुक्त ने आगामी विशेष गहन पुनरीक्षण को लेकर अधिकारियों के साथ बैठक की। मुख्य निर्वाचन अधिकारी डॉ. बीवीआरसी पुरुषोत्तम ने एसआईआर से संबंधित तैयारियों की जानकारी दी। इस अवसर पर उप जिलाधिकारी मुक्ता मिश्र, उप मुख्य निर्वाचन अधिकारी किशन सिंह नेगी, ईआरओ गंगोत्री एवं एसडीएम शालिनी नेगी सहित पुलिस और जिला प्रशासन के अधिकारी उपस्थित रहे। रविवार को देहरादून में एसआईआर तैयारियों की विस्तृत समीक्षा बैठक आयोजित होगी।










