उत्तराखंड में पत्रकारिता के बुनियादी ढांचे को मजबूत करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम उठाते हुए मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने हल्द्वानी में कुमाऊं Media Center भवन का शिलान्यास किया। लगभग ₹6 करोड़ 75 लाख 88 हजार की लागत से बनने वाला यह अत्याधुनिक Media Center केवल एक भवन नहीं, बल्कि कुमाऊं मंडल की पत्रकारिता के लिए नई संभावनाओं का केंद्र बनने जा रहा है।

शिलान्यास समारोह में मुख्यमंत्री ने कहा कि यह मीडिया सेंटर लोकतंत्र के चौथे स्तंभ पत्रकारिता को समर्पित एक जीवंत मंच होगा। यह केंद्र पत्रकारों की कर्मस्थली, विचार-विमर्श का संगम और जन-जन की आवाज को सशक्त रूप से अभिव्यक्त करने का माध्यम बनेगा। उन्होंने कहा कि अब तक कुमाऊं मंडल के पत्रकारों को कई महत्वपूर्ण कार्यों के लिए देहरादून पर निर्भर रहना पड़ता था, लेकिन इस मीडिया सेंटर के निर्माण के बाद अधिकांश कार्य हल्द्वानी से ही संचालित हो सकेंगे, जिससे समय और संसाधनों की बचत होगी।
आधुनिक सुविधाओं से लैस होगा मीडिया सेंटर
यह मीडिया सेंटर आधुनिक तकनीक और बुनियादी सुविधाओं से पूर्ण रूप से सुसज्जित होगा। इसमें अत्याधुनिक प्रेस कॉन्फ्रेंस हॉल, हाई-स्पीड इंटरनेट सुविधा, डिजिटल स्टूडियो, समृद्ध लाइब्रेरी, कैंटीन एवं अन्य आधारभूत सुविधाएं विकसित की जाएंगी।
सबसे महत्वपूर्ण पहलू यह है कि इसमें दूरस्थ पर्वतीय क्षेत्रों मुनस्यारी, बागेश्वर, कपकोट, पिथौरागढ़, चंपावत, अल्मोड़ा और रानीखेत से आने वाले पत्रकारों के लिए आवासीय गेस्ट रूम भी बनाए जाएंगे, जिससे उन्हें आवागमन की कठिनाइयों से राहत मिल सके।
पहाड़ की पत्रकारिता को मिलेगा संस्थागत आधार
उत्तराखंड में पत्रकारिता का बड़ा हिस्सा अब भी संसाधनों की कमी से जूझता है। सीमांत क्षेत्रों में कार्यरत पत्रकारों को तकनीकी संसाधनों, नेटवर्किंग और संस्थागत सहयोग का अभाव महसूस होता रहा है। ऐसे में हल्द्वानी का यह मीडिया सेंटर क्षेत्रीय पत्रकारिता को एक स्थायी आधार प्रदान कर सकता है। डिजिटल स्टूडियो और हाई-स्पीड इंटरनेट जैसी सुविधाएं स्थानीय पत्रकारों को राष्ट्रीय स्तर की रिपोर्टिंग और मल्टीमीडिया पत्रकारिता के लिए सक्षम बना सकती हैं। यह सेंटर भविष्य में प्रेस ब्रीफिंग, मीडिया प्रशिक्षण, संवाद कार्यक्रमों और शोधपरक पत्रकारिता गतिविधियों का प्रमुख केंद्र भी बन सकता है।

निरीक्षण कार्य अब होंगे आसान
मुख्यमंत्री ने घोषणा की कि समाचार पत्रों से संबंधित निरीक्षण कार्य अब इसी मीडिया सेंटर से संचालित किए जाएंगे। इससे पारदर्शिता, दक्षता एवं त्वरित कार्यप्रणाली को बढ़ावा मिलेगा और पत्रकारों को प्रशासनिक प्रक्रियाओं में आसानी होगी।
पत्रकार कल्याण पर सरकार का फोकस
मुख्यमंत्री ने स्पष्ट किया कि राज्य सरकार पत्रकारों के कल्याण एवं सुरक्षा के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है। इस दौरान मुख्यमंत्री ने पत्रकार कल्याण से जुड़े कई महत्वपूर्ण निर्णयों का भी उल्लेख किया। उन्होंने बताया कि पत्रकार कल्याण कोष की राशि बढ़ाकर ₹5 करोड़ कर दी गई है, ताकि आकस्मिक निधन या गंभीर बीमारी की स्थिति में पत्रकारों और उनके परिवारों को त्वरित सहायता मिल सके। इसके अलावा, अधिस्वीकृत पत्रकारों और उनके आश्रितों के लिए ₹5 लाख तक की कैशलेस स्वास्थ्य बीमा सुविधा शुरू की गई है। 60 वर्ष से अधिक आयु के वरिष्ठ पत्रकारों को ₹8000 प्रतिमाह पेंशन दी जा रही है।
मुख्यमंत्री ने विश्वास जताया कि यह मीडिया सेंटर भविष्य में हल्द्वानी को कुमाऊं क्षेत्र का प्रमुख मीडिया हब बनाएगा। यहां से संचालित होने वाली पत्रकारिता न केवल क्षेत्रीय बल्कि राष्ट्रीय स्तर पर भी प्रभावी भूमिका निभाएगी।
सकारात्मक और निष्पक्ष पत्रकारिता का आह्वान
मुख्यमंत्री ने पत्रकारों से विकास कार्यों को जन-जन तक पहुंचाने और सकारात्मक पत्रकारिता को बढ़ावा देने का आग्रह किया। साथ ही उन्होंने यह भी कहा कि जहां कमियां हों, वहां पत्रकार निष्पक्षता के साथ सरकार को अवगत कराएं। उन्होंने कहा कि ‘पत्रकारों की कलम लोकतंत्र की सबसे बड़ी शक्ति है और सरकार के लिए मार्गदर्शक भी है।’
मुख्यमंत्री ने यह भी जानकारी दी कि चंपावत जिले के टनकपुर में मीडिया सेंटर गेस्ट हाउस का निर्माण कार्य भी शुरू हो चुका है। इससे सीमांत क्षेत्रों के पत्रकारों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध हो सकेंगी।










