गुरुद्वारा श्री हेमकुंड साहिब मैनेजमेंट ट्रस्ट, गोविंदघाट के प्रबंधक सरदार सेवा सिंह ने पवित्र श्री हेमकुंड साहिब यात्रा पर आने वाले सभी श्रद्धालुओं से आपसी सद्भाव, अनुशासन और शांति बनाए रखने की अपील की है। ट्रस्ट की ओर से जारी अपील में कहा गया है कि 23 मई से शुरू हुई श्री हेमकुंड साहिब यात्रा में अब तक हजारों श्रद्धालु दर्शन कर चुके हैं और बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं का आगमन लगातार जारी है। श्रद्धालुओं से यात्रा के महत्व और उद्देश्य को ध्यान में रखते हुए श्रद्धा एवं मर्यादा के साथ यात्रा करने तथा ऐसा कोई कार्य न करने का आग्रह किया गया है जिससे धार्मिक मर्यादाओं को ठेस पहुंचे। साथ ही यात्रा के दौरान वाद-विवाद से बचने और कानून व्यवस्था तथा सामाजिक सौहार्द बनाए रखने में सहयोग करने की अपील की गई है।
सेवा सिंह ने कहा कि सिख धर्म में शस्त्रों का महत्व धर्म की रक्षा के लिए है न कि उनके दुरुपयोग के लिए। इसलिए श्रद्धालु यात्रा के दौरान अनावश्यक रूप से शस्त्र साथ न लाएं। विशेष रूप से छोटे बच्चों को किसी भी प्रकार के शस्त्र साथ रखने से बचाया जाए। ट्रस्ट के संदेश में कहा गया है कि उत्तराखंड अपनी शांतिप्रिय संस्कृति और देवभूमि की पहचान के लिए देश-दुनिया में प्रसिद्ध है।
यहां श्री बद्रीनाथ धाम, श्री केदारनाथ धाम, मां गंगोत्री, मां यमुनोत्री सहित अनेक पवित्र तीर्थस्थल स्थित हैं। इन्हीं पावन स्थलों में श्री हेमकुंड साहिब का भी विशेष धार्मिक महत्व है। उन्होंने कहा कि सभी तीर्थयात्रियों की सुरक्षा और सुविधा के लिए सरकार की ओर से व्यापक व्यवस्थाएं की गई हैं। श्रद्धालु यात्रा को पूरी आस्था, श्रद्धा और अनुशासन के साथ संपन्न करें। किसी भी प्रकार के विवाद या समस्या की स्थिति में कानून को अपने हाथ में लेने के बजाय संबंधित अधिकारियों से संपर्क कर अपनी शिकायत दर्ज कराएं।










