अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर मसूरी-देहरादून विकास प्राधिकरण (एमडीडीए) द्वारा आयोजित भव्य कार्यक्रम में सिटी फॉरेस्ट पार्क स्वास्थ्य, आध्यात्म और प्रकृति के अद्भुत संगम का केंद्र बन गया। सुबह की ताजा हवा, हरियाली और पहाड़ों की शांत वादियों के बीच आयोजित इस कार्यक्रम में 1000 से अधिक लोगों ने सामूहिक योग कर स्वस्थ जीवन का संदेश दिया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में उत्तराखंड के मुख्य सचिव आनंद बर्धन शामिल हुए। उनके साथ अपर सचिव मुख्यमंत्री एवं एमडीडीए उपाध्यक्ष बंशीधर तिवारी, एमडीडीए सचिव मोहन सिंह बर्निया, विभिन्न विभागों के अधिकारी, सामाजिक संस्थाओं के प्रतिनिधि और बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक मौजूद रहे। योग प्रशिक्षकों के निर्देशन में प्रतिभागियों ने योगासन, प्राणायाम और ध्यान का अभ्यास किया तथा योग को दैनिक जीवन का हिस्सा बनाने का संकल्प लिया।
प्रकृति के बीच गूंजा स्वास्थ्य का संदेश
सिटी फॉरेस्ट पार्क में आयोजित कार्यक्रम केवल योगाभ्यास तक सीमित नहीं रहा, बल्कि इसे पर्यावरण संरक्षण, स्वस्थ जीवनशैली और सामाजिक जागरूकता से भी जोड़ा गया। कार्यक्रम में विशेषज्ञों ने योग के वैज्ञानिक लाभों पर प्रकाश डालते हुए बताया कि नियमित योग तनाव कम करने, मानसिक संतुलन बनाए रखने और जीवनशैली जनित बीमारियों से बचाव में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है। बच्चों, युवाओं, महिलाओं और वरिष्ठ नागरिकों की उत्साहपूर्ण भागीदारी ने यह स्पष्ट किया कि योग अब केवल परंपरा नहीं, बल्कि आधुनिक जीवन का अभिन्न हिस्सा बन चुका है।
उत्तराखंड को योग और वेलनेस की वैश्विक पहचान देने की तैयारी
मुख्य सचिव आनंद बर्धन ने कहा कि योग भारत की प्राचीन सांस्कृतिक धरोहर है, जिसने पूरी दुनिया को स्वस्थ जीवन का मार्ग दिखाया है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के प्रयासों से योग को वैश्विक पहचान मिली है और आज करोड़ों लोग इसे अपनी जीवनशैली का हिस्सा बना रहे हैं। बढ़ते तनाव और व्यस्त जीवन के दौर में योग मानसिक शांति और सकारात्मक ऊर्जा का सबसे प्रभावी माध्यम है।
एमडीडीए उपाध्यक्ष बंशीधर तिवारी ने कहा कि उत्तराखंड सदियों से योग, तप और आध्यात्मिक साधना की भूमि रहा है। राज्य सरकार उत्तराखंड को योग, आयुर्वेद, वेलनेस और प्राकृतिक चिकित्सा के वैश्विक केंद्र के रूप में विकसित करने के लिए लगातार प्रयासरत है। उन्होंने लोगों से योग को अपनाने और नशामुक्त समाज के निर्माण में योगदान देने का आह्वान किया।

स्वास्थ्य पर्यटन का नया केंद्र बन रहा सिटी फॉरेस्ट पार्क
योग दिवस कार्यक्रम ने यह साबित कर दिया कि एमडीडीए का सिटी फॉरेस्ट पार्क केवल मनोरंजन स्थल नहीं, बल्कि स्वास्थ्य, पर्यावरण और सामुदायिक गतिविधियों का महत्वपूर्ण केंद्र बनकर उभर रहा है। पार्क में विकसित आधुनिक सुविधाएं, हरित क्षेत्र, ओपन स्पेस और ट्रैक इसे योग एवं वेलनेस गतिविधियों के लिए आदर्श स्थल बना रहे हैं। कार्यक्रम में शामिल लोगों ने पार्क की स्वच्छता, हरियाली और बेहतर व्यवस्थाओं की सराहना करते हुए कहा कि प्राकृतिक वातावरण में योग करना किसी आध्यात्मिक अनुभव से कम नहीं है।
मुख्य सचिव ने परखी सिटी फॉरेस्ट पार्क की व्यवस्थाएं, डिजिटल फीडबैक सिस्टम विकसित करने के निर्देश

अंतरराष्ट्रीय योग दिवस कार्यक्रम के बाद मुख्य सचिव आनंद बर्धन ने 12 एकड़ से अधिक क्षेत्र में विकसित सिटी फॉरेस्ट Park का निरीक्षण किया। उन्होंने चिल्ड्रन पार्क, कैफेटेरिया, साइकिल ट्रैक, थ्री-डी मूवी थिएटर, सोलर प्लांट, नर्सरी, ओपन जिम, ओपन थिएटर, ईवी चार्जिंग स्टेशन और पूछताछ केंद्र सहित विभिन्न सुविधाओं का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने पार्क में मौजूद नागरिकों और पर्यटकों से बातचीत कर सुविधाओं के संबंध में फीडबैक लिया। मुख्य सचिव ने अधिकारियों को क्यूआर कोड आधारित ऑनलाइन फीडबैक सिस्टम विकसित करने के निर्देश दिए, ताकि नागरिक सीधे अपनी राय और सुझाव दर्ज करा सकें। उन्होंने कहा कि जनभागीदारी और तकनीक के बेहतर समन्वय से सार्वजनिक सेवाओं को और प्रभावी बनाया जा सकता है। एमडीडीए ने मुख्य सचिव के सुझावों के अनुरूप पार्क में डिजिटल सेवाओं और जनसुविधाओं को और सुदृढ़ बनाने की तैयारी शुरू कर दी है।










