प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने रविवार को अपने मासिक रेडियो कार्यक्रम मन की बात के 135वें एपिसोड में प्रधानमंत्री ने देश की सुरक्षा, आत्मनिर्भरता, सामाजिक सुरक्षा और पर्यावरण संरक्षण से जुड़े कई महत्वपूर्ण मुद्दों पर चर्चा की। पीएम ने जोर देकर कहा कि आज समुद्र से लेकर आकाश तक भारत न केवल सुरक्षित हो रहा है, बल्कि आत्मनिर्भरता की नई इबारत भी लिख रहा है। प्रधानमंत्री ने देश की हालिया रक्षा उपलब्धियों पर गर्व जताते हुए कहा कि कोलकाता में स्वदेशी तकनीक से निर्मित तीन नए जहाजों-आईएनएस दूनागिरी, आईएनएस संशोधक और आईएनएस अग्रय को भारतीय नौसेना के बेड़े में शामिल किया गया है। इनका डिजाइन और निर्माण पूरी तरह भारतीय है। इसके साथ ही, विमानन क्षेत्र में इतिहास रचते हुए मेड इन इंडिया C-295 विमान ने अपनी पहली सफल उड़ान पूरी कर ली है। देश में ऐसे 40 विमानों का निर्माण किया जा रहा है जिससे एयरोस्पेस और एमएसएमई सेक्टर को नई ताकत मिलेगी और रोजगार के बड़े अवसर पैदा होंगे।
असम की हरगिला आर्मी की तारीफ
पर्यावरण संरक्षण का जिक्र करते हुए पीएम मोदी ने असम की जीव-वैज्ञानिक पूर्णिमा देवी बर्मन और हरगिला आर्मी के प्रयासों की जमकर सराहना की। उन्होंने बताया कि प्रकृति को स्वच्छ रखने वाले दुर्लभ हरगिला पक्षी को कभी अशुभ मानकर लोग उनके पेड़ों को काट देते थे। लेकिन पूर्णिमा देवी ने महिलाओं और ग्रामीणों को वैज्ञानिक तथ्यों से जागरूक कर इस सोच को बदला। आज हजारों ग्रामीण महिलाएं इस पक्षी के संरक्षण के लिए एकजुट हैं जिन्हें हरगिला आर्मी कहा जाता है। पीएम ने इसे अंधविश्वास के खिलाफ एक बड़ा सामाजिक बदलाव बताया।

20 रुपये में 2 लाख का दुर्घटना बीमा
सरकारी योजनाओं की सफलता को रेखांकित करते हुए प्रधानमंत्री ने कहा कि केंद्र सरकार की सस्ती बीमा योजनाएं करोड़ों परिवारों के लिए सुरक्षा कवच साबित हो रही हैं। मात्र 20 रुपये के सालाना प्रीमियम पर 2 लाख रुपये का दुर्घटना बीमा मिलता है जिससे अब तक 58 करोड़ से अधिक लोग जुड़ चुके हैं। सालाना 436 रुपये (यानी करीब डेढ़ रुपया प्रतिदिन) के प्रीमियम पर 2 लाख रुपये का जीवन बीमा कवर मिलता है। इस योजना का लाभ 27 करोड़ से अधिक लोग उठा रहे हैं।

नांदेड़ के पेठकर परिवार की अनूठी मिसाल
पीएम मोदी ने महाराष्ट्र के नांदेड़ जिले (बहादुरपुरा गांव) के पेठकर परिवार का विशेष उल्लेख किया। इस परिवार ने घर की शादी की खुशियों को अनोखे अंदाज में बांटते हुए गांव के करीब 3,500 लोगों के लिए एक-एक लाख रुपये के दुर्घटना बीमा की व्यवस्था की। प्रधानमंत्री ने इस पहल को समाज के लिए बेहद प्रेरणादायक बताया।

विश्व योगासन चैंपियनशिप में भारत को 102 स्वर्ण
अंतरराष्ट्रीय योग दिवस की सफलता पर बात करते हुए प्रधानमंत्री ने कहा कि इस बार दुनिया भर में 2,500 से अधिक स्थानों पर योग कार्यक्रम हुए। उन्होंने अहमदाबाद में आयोजित विश्व योगासन चैंपियनशिप में भारतीय खिलाड़ियों के शानदार प्रदर्शन की सराहना की। भारत ने इस प्रतियोगिता में कुल 114 पदक जीते, जिनमें 102 स्वर्ण पदक शामिल हैं। इस ऐतिहासिक प्रदर्शन के साथ भारत पदक तालिका में पहले स्थान पर रहा। पीएम मोदी ने अंत में कहा कि ये सभी सफलताएं देश की आत्मनिर्भर भारत की यात्रा को मजबूत करती हैं और यह 140 करोड़ भारतीयों के सामूहिक प्रयासों का ही परिणाम है।











