देहरादून के हरिद्वार रोड स्थित पेनसिया अस्पताल में बुधवार को एसी में हुए शॉर्ट सर्किट के कारण भीषण आग लग गई। हादसे के बाद अस्पताल परिसर में धुआं फैलने से अफरा-तफरी मच गई। घटना में आईसीयू में भर्ती एक बुजुर्ग महिला बीरावती की मौत हो गई जबकि दो लोगों की हालत गंभीर बताई जा रही है। वहीं हादसे में करीब दस लोग घायल हुए हैं जिनमें अस्पताल कर्मचारी और राहत कार्य में जुटे पुलिसकर्मी भी शामिल हैं।
जानकारी के अनुसार आग अस्पताल के आईसीयू में लगे एसी में ब्लास्ट होने के बाद लगी। देखते ही देखते पूरे आईसीयू और आसपास के हिस्सों में धुआं और गैस फैल गई। उस समय आईसीयू में छह मरीज भर्ती थे। धुएं के कारण मरीजों और अस्पताल स्टाफ में दहशत फैल गई। अस्पताल प्रशासन ने तुरंत पुलिस और फायर ब्रिगेड को सूचना दी, जिसके बाद राहत एवं बचाव अभियान शुरू किया गया।
मौके पर पहुंची फायर ब्रिगेड, पुलिस और प्रशासन की टीमों ने काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। इस दौरान पुलिसकर्मियों और अस्पताल स्टाफ ने जान जोखिम में डालकर आईसीयू में फंसे मरीजों को बाहर निकाला। सभी मरीजों को सुरक्षित निकालकर आसपास के अन्य अस्पतालों में शिफ्ट किया गया। धुएं और जहरीली गैस के संपर्क में आने से कुछ मरीजों, कर्मचारियों और पुलिसकर्मियों को सांस लेने में दिक्कत होने लगी, जिसके बाद उन्हें नजदीकी कैलाश अस्पताल में भर्ती कराया गया।
घटना के दौरान आईसीयू में पहले से वेंटिलेटर पर भर्ती बुजुर्ग महिला बीरावती की तबीयत अचानक बिगड़ गई। चिकित्सकों के प्रयासों के बावजूद उनकी जान नहीं बचाई जा सकी। हादसे के बाद अस्पताल में भर्ती अन्य मरीजों के परिजनों में भी चिंता और आक्रोश का माहौल देखने को मिला। घटना की सूचना मिलते ही एसएसपी प्रमोद डोवाल और एसपी सिटी मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने अस्पताल का निरीक्षण कर राहत एवं बचाव कार्य का जायजा लिया। बाद में एसएसपी ने कैलाश अस्पताल पहुंचकर भर्ती पुलिसकर्मियों और मरीजों का हालचाल भी जाना। एसएसपी प्रमोद डोबाल ने बताया कि फिलहाल आग पर पूरी तरह काबू पा लिया गया है। सभी घायलों और मरीजों को दूसरे अस्पतालों में भर्ती कराया गया है, जहां उनकी हालत स्थिर बनी हुई है। प्रारंभिक जांच में आग लगने का कारण एसी में शॉर्ट सर्किट माना जा रहा है। प्रशासन ने मामले की विस्तृत जांच के आदेश दे दिए हैं।










