केंद्र सरकार ने उत्तराखंड समेत 6 राज्यों मे नए Governor की नियुक्त कर दिए हैं। मध्य प्रदेश के वरिष्ठ भाजपा नेता और पूर्व सांसद डा. ढाल सिंह बिसेन को उत्तराखंड का नया राज्यपाल बनाया गया है। आयुर्वेद-होम्योपैथी चिकित्सा के पेशेवर रहे डा. बिसेन किसान परिवार से ताल्लुक रखते हैं। उत्तराखंड के अलावा केरलम, तमिलनाडु, सिक्किम, ओडिशा और कर्नाटक के लिए भी नए राज्यपालों के नाम की घोषणा हुई है।
कौन हैं डा. ढाल सिंह बिसेन
मूल रूप से मध्य प्रदेश के सिवनी जिले के पिपरिया गांव में 14 मई 1952 को जन्मे डा.ढाल सिंह बिसेन पेशे से आयुर्वेद एवं होम्योपैथी के चिकित्सक रहे हैं। चिकित्सा क्षेत्र से निकलकर उन्होंने राजनीति में लंबा और सफर तय किया है। डा. बिसेन ने वर्ष 1990 में पहली बार विधायक बनने के बाद 1993, 1998 और 2003 में भी विधानसभा चुनावों में जीत दर्ज की। उन्होंने 2003 से 2005 तक मध्य प्रदेश सरकार में कैबिनेट मंत्री का दायित्व संभाला। वह 2011 से 2013 तक मध्य प्रदेश राज्य वित्त आयोग के अध्यक्ष रहे। वह बालाघाट लोकसभा सीट से 2019 में सांसद चुने गए।
सीएम पुष्कर सिंह धामी ने दी बधाई
डा. ढाल सिंह बिसेन को उत्तराखंड के नए राज्यपाल के पद पर नियुक्ति मिलने पर सीएम पुष्कर सिंह धामी ने उन्हें बधाई दी। मुख्यमंत्री ने कहा कि डा. ढाल सिंह बिसेन का दीर्घ राजनीतिक अनुभव, जनसेवा के प्रति समर्पण तथा सार्वजनिक जीवन में उनका उल्लेखनीय योगदान प्रेरणादायी है। मध्य प्रदेश सरकार में पूर्व कैबिनेट मंत्री, पूर्व सांसद एवं भाजपा के वरिष्ठ नेता के रूप में उन्होंने जनहित और समाजसेवा के क्षेत्र में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। मुख्यमंत्री ने विश्वास व्यक्त किया कि डा. ढाल सिंह बिसेन के अनुभव एवं मार्गदर्शन से उत्तराखंड के विकास को नई दिशा मिलेगी तथा राज्य की विकास यात्रा को और गति प्राप्त होगी।
किसे मिली कहां की जिम्मेदारी?
ओम प्रकाश माथुर – केरलम
2024 में सिक्किम के राज्यपाल का जिम्मा संभालने वाले ओम प्रकाश माथुर को केरलम का राज्यपाल नियुक्त किया गया है। वह भाजपा के वरिष्ठ नेता और राजस्थान से राज्यसभा के पूर्व सांसद रहे हैं।
राजेंद्र विश्वनाथ आर्लेकर – तमिलनाडु
राजेंद्र विश्वनाथ आर्लेकर मार्च से तमिलनाडु के राज्यपाल का अतिरिक्त प्रभार संभाल रहे थे। आर. एन. रवि को पश्चिम बंगाल का राज्यपाल नियुक्त किए जाने के बाद उन्हें यह जिम्मेदारी दी गई थी। अब नए आदेश के तहत उन्हें तमिलनाडु का पूर्णकालिक राज्यपाल नियुक्त किया गया है। गोवा विधानसभा के पूर्व अध्यक्ष आर्लेकर हिमाचल प्रदेश और बिहार के राज्यपाल भी रह चुके हैं।
ब्रज मोहन राम – ओडिशा
झारखंड पलामू से लोकसभा के तीन बार 1996, 1998, 1999 में सांसद रहे ब्रज मोहन राम को ओडिशा का राज्यपाल नियुक्त किया गया है। वह हरि बाबू कंभमपति का स्थान लेंगे।
डा. सुधा यादव – कर्नाटक
महेंद्रगढ़ से भाजपा की पूर्व सांसद और राष्ट्रीय पिछड़ा वर्ग आयोग की पूर्व सदस्य सुधा यादव कर्नाटक की नई राज्यपाल होंगी। वह थावरचंद गहलोत का स्थान लेंगी। सुधा यादव कर्नाटक की दूसरी महिला राज्यपाल होंगी। उनसे पहले वी. एस. रमादेवी ने 1999 से 2002 तक इस पद पर कार्य किया था।
दुष्यंत गौतम – सिक्किम
भाजपा के पूर्व राष्ट्रीय महासचिव, राज्यसभा के पूर्व सांसद और उत्तराखंड के प्रभारी रहे दुष्यंत गौतम को सिक्किम का नया राज्यपाल नियुक्त किया गया है। वह ओम प्रकाश माथुर की जगह लेंगे।










