पुष्कर सिंह धामी ने सोमवार को खटीमा स्थित निजी आवास से प्रदेश के सभी जिलाधिकारियों के साथ वर्चुअल बैठक कर कई महत्वपूर्ण निर्देश जारी किए। मुख्यमंत्री ने सरकारी भूमि से अतिक्रमण हटाने के अभियान में तेजी लाने, भू कानून उल्लंघन के मामलों में त्वरित कार्रवाई करने तथा मानसून पूर्व तैयारियों को समयबद्ध तरीके से पूरा करने के निर्देश दिए।
मुख्यमंत्री ने कहा कि ग्राम सभाओं की सरकारी भूमि की भी जांच की जाए और जिन मामलों में भू कानून का उल्लंघन पाया जाए, वहां संबंधित भूमि को राज्य सरकार में निहित किया जाए। उन्होंने शत्रु संपत्तियों पर अवैध कब्जों को हटाने और वक्फ संपत्तियों के विवरण की उम्मीद पोर्टल पर नियमित जांच एवं समीक्षा के निर्देश भी दिए। बैठक में अन्य राज्यों से आए लोगों के शस्त्र लाइसेंसों की जांच, आपराधिक पृष्ठभूमि वाले व्यक्तियों की पहचान, जनसेवा केंद्रों की जांच और अवैध राशन कार्ड धारकों को चिन्हित करने के निर्देश भी जारी किए गए। मुख्यमंत्री ने वेरिफिकेशन ड्राइव को तेज करने और संदिग्ध गतिविधियों पर प्रभावी निगरानी रखने पर जोर दिया।
आगामी मानसून को देखते हुए मुख्यमंत्री ने सभी जिलों में पूर्व तैयारियों की समीक्षा बैठक आयोजित करने, क्षतिग्रस्त सड़कों की मरम्मत, पेयजल आपूर्ति सुचारु रखने और संवेदनशील क्षेत्रों में सतर्कता बढ़ाने के निर्देश दिए। उन्होंने बिजली कटौती से बचने तथा आवश्यक होने पर जनता को पूर्व सूचना देने की बात भी कही। मुख्यमंत्री ने चारधाम यात्रा की व्यवस्थाओं की नियमित मॉनिटरिंग, श्रद्धालुओं से फीडबैक लेने, यात्रा मार्गों पर पेयजल व्यवस्था और ट्रैफिक प्रबंधन को मजबूत करने के निर्देश दिए। साथ ही मानसखंड यात्रा के अंतर्गत कैंची धाम बाईपास निर्माण कार्य अगले माह तक पूरा करने को कहा।
बैठक में कृषि एवं उद्यान विभाग की योजनाओं जैसे पॉलीहाउस, एप्पल मिशन और कीवी मिशन को जमीन पर प्रभावी रूप से लागू करने और किसानों तक वास्तविक लाभ पहुंचाने पर भी जोर दिया गया। इसके अलावा जोशीमठ समेत आपदा प्रभावित क्षेत्रों में पुनर्निर्माण कार्यों में तेजी लाने के निर्देश भी दिए गए।










