गोविंद बल्लभ पंत कृषि एवं प्रौद्योगिक विश्वविद्यालय, पंतनगर में 26 एवं 27 जून 2026 को दो दिवसीय विशिष्ट एल्युमिनाई कार्यशाला का आयोजन किया जाएगा। विश्वविद्यालय के कुलपति डॉ. एसके कश्यप ने बताया कि इस आयोजन का उद्देश्य पूर्व छात्रों, वैज्ञानिकों, शिक्षकों, शोधकर्ताओं, उद्योग विशेषज्ञों एवं विद्यार्थियों के बीच संवाद और तकनीकी सहयोग को मजबूत करना है। कार्यक्रम की तैयारियों को लेकर कुलपति ने विश्वविद्यालय के विभिन्न महाविद्यालयों के अधिष्ठाताओं, निदेशकों तथा तकनीकी एवं योजना प्रकोष्ठ के सदस्यों के साथ विस्तृत बैठक की। कार्यशाला में देश-विदेश में उत्कृष्ट कार्य कर रहे विश्वविद्यालय के प्रतिष्ठित पूर्व छात्रों को आमंत्रित किया जाएगा ताकि उनके अनुभव और सुझाव विद्यार्थियों एवं शोधार्थियों को प्रेरित कर सकें।
कार्यक्रम में उत्तराखंड के मुख्यमंत्री एवं राज्यपाल सहित कई विशिष्ट अतिथियों के शामिल होने की संभावना है। कुलपति ने कहा कि यह आयोजन केवल एल्युमिनाई मिलन तक सीमित नहीं रहेगा, बल्कि विश्वविद्यालय की भविष्य की कार्ययोजना, तकनीकी उन्नयन और राष्ट्रीय स्तर पर पहचान मजबूत करने की दिशा में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा। कार्यशाला में कृषि, पशुपालन, मत्स्य पालन, हैचरी, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस, रिसर्च एंड टेक्नोलॉजी, स्टार्टअप, नवाचार, पेटेंट, बीज उत्पादन तथा उद्योग-अकादमिक सहयोग जैसे विषयों पर विशेष तकनीकी सत्र आयोजित किए जाएंगे।
विश्वविद्यालय के विभिन्न महाविद्यालय अपनी शोध उपलब्धियों, नवाचारों और तकनीकी विकास कार्यों की प्रस्तुति देंगे। इसके साथ ही विश्वविद्यालय की उपलब्धियों को प्रदर्शित करने के लिए विशेष पीआर सामग्री, आकर्षक ब्रोशर और साहित्य भी तैयार किया जा रहा है। कार्यक्रम में शामिल एल्युमिनाई विद्यार्थियों के साथ संवाद करेंगे, जिससे छात्रों को इंडस्ट्री अनुभव, रिसर्च नेटवर्किंग, इंटर्नशिप, स्टार्टअप और रोजगार के नए अवसरों की जानकारी मिल सकेगी। कुलपति ने कहा कि प्रतिष्ठित एल्युमिनाई के सहयोग से यह आयोजन पंतनगर विश्वविद्यालय को नवाचार, अनुसंधान और तकनीकी उत्कृष्टता के नए आयाम तक पहुंचाने में महत्वपूर्ण साबित होगा।










