पासपोर्ट आवेदनों के सत्यापन में उत्कृष्ट एवं प्रभावी कार्य निष्पादन के लिए उत्तराखंड पुलिस को भारत सरकार द्वारा प्रतिष्ठित संस्थागत प्रदर्शन पुरस्कार (राज्य पुलिस) से सम्मानित किया गया है। यह सम्मान वित्तीय वर्ष 2025-26 के दौरान देशभर में पुलिस सत्यापन संबंधी प्रदर्शन के आधार पर प्रदान किया गया।
नई दिल्ली स्थित विदेश मंत्रालय के जवाहरलाल नेहरू भवन में शुक्रवार को आयोजित समारोह में विदेश मंत्री एस जयशंकर ने उत्तराखंड पुलिस की ओर से अपर पुलिस महानिदेशक (प्रशासन) एपी अंशुमान को यह पुरस्कार प्रदान किया। पुलिस महानिदेशक दीपम सेठ ने बताया कि यह उपलब्धि पासपोर्ट सत्यापन प्रक्रिया को समयबद्ध, पारदर्शी और नागरिक-केंद्रित बनाने के लिए किए गए सतत प्रयासों का परिणाम है। उन्होंने कहा कि पुलिस मुख्यालय द्वारा सभी जनपदों में सत्यापन कार्यों की नियमित समीक्षा की गई तथा तकनीकी संसाधनों के प्रभावी उपयोग के साथ निर्धारित समय-सीमा में गुणवत्तापूर्ण सत्यापन सुनिश्चित किया गया। इसी के फलस्वरूप उत्तराखंड पुलिस ने राष्ट्रीय स्तर पर उत्कृष्ट प्रदर्शन किया।

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने इस उपलब्धि पर उत्तराखंड पुलिस को बधाई देते हुए कहा कि नागरिकों को गुणवत्तापूर्ण, पारदर्शी और समयबद्ध सेवाएं उपलब्ध कराना सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने कहा कि यह सम्मान राज्य सरकार और पुलिस विभाग के जनसेवा आधारित प्रयासों की सफलता का प्रतीक है। मुख्यमंत्री ने विश्वास जताया कि उत्तराखंड पुलिस भविष्य में भी नागरिक सेवाओं के क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य कर राज्य का गौरव बढ़ाती रहेगी।










