पीएम नरेंद्र मोदी की छह मार्च के दौरे के बाद सीएम धामी दिल्ली रवाना हो गए। अभी वह देश की राजधानी में ही हैं। कई बड़े नेताओं से मुलाकात का उनका कार्यक्रम है। इसी कारण सियासी गलियारों में चर्चा है कि कैबिनेट विस्तार हो सकता है। इसके अलावा उत्तराखंड में भाजपा प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट ने भी कहा कि कैबिनेट विस्तार होना तय है। हालांकि, साथ में यह भी जोड़ा कि मुख्यमंत्री इस पर जल्द निर्णय करेंगे। रोचक बात यह कि भट्ट ने यह बात ऐसे समय दोहराई जब सीएम धामी दिल्ली प्रवास पर हैं और उनके शनिवार को भी वहां रहने की संभावना है।
यह भी पढ़ें : पीएम मोदी संग सीएम धामी की गजब दिखी बॉन्डिंग
अनिल बलूनी के बयान के मायने
सांसद अनिल बलूनी ने कहा है कि उन्होंने पार्टी फोरम पर मजबूती के साथ अपनी बात रख दी है। इसके भी सियासी मायने तलाशे जा रहे हैं। चर्चा है कि मसला सिर्फ कैबिनेट विस्तार तक सीमित नहीं है। कुछ मौजूदा मंत्रियों के विभागों में अदला-बदली भी हो सकती है। बात सिर्फ नए कैबिनेट मंत्री बनाए जाने की संभावना से ही नहीं जुड़ी है।
भाजपा नेतृत्व को राज्य में नए प्रदेश अध्यक्ष को लेकर भी निर्णय लेना है। पार्टी से सूत्रों का कहना है कि इन सारी बातों के लिए अब यही माकूल समय है। संगठन-सरकार लोकसभा चुनाव, विधानसभा सीटों पर उपचुनाव और अब स्थानीय निकायों के चुनाव से फारिग हो चुकी है। ऐसे में पार्टी के भीतर अब कैबिनेट विस्तार और उससे भी आगे बदलाव की अटकलें लगाई जा रही हैं तो यूं ही नहीं हैं।