भाजपा अध्यक्ष नितिन नवीन ने अपने देवभूमि प्रवास के अंतिम दिन की शुरुआत टपकेश्वर महादेव मंदिर में पूजा-अर्चना से की। इसके बाद उन्होंने विभिन्न बूथों पर पहुंचकर कार्यकर्ताओं से संवाद किया, संगठनात्मक गतिविधियों की समीक्षा की और जमीनी स्तर का फीडबैक लिया। राष्ट्रीय अध्यक्ष सुबह सबसे पहले टपकेश्वर महादेव मंदिर पहुंचे जहां उन्होंने भगवान शिव की विशेष पूजा-अर्चना कर देश और प्रदेश की सुख-समृद्धि एवं खुशहाली की कामना की। इस दौरान मंदिर परिसर वैदिक मंत्रोच्चार से गुंजायमान रहा।
इसके पश्चात नितिन नवीन बूथ संख्या 140, टपकेश्वर कॉलोनी (गढ़ी कैंट) पहुंचे। यहां उन्होंने बूथ अध्यक्ष किशोर कुमार के आवास पर प्रदेश अध्यक्ष एवं राज्यसभा सांसद महेंद्र भट्ट तथा प्रदेश महामंत्री संगठन अजेय कुमार के साथ जलपान किया। इस दौरान उन्होंने स्थानीय कार्यकर्ताओं से अनौपचारिक चर्चा कर क्षेत्र की जमीनी स्थिति, सरकारी योजनाओं के क्रियान्वयन और संगठन की गतिविधियों की जानकारी ली। उन्होंने बूथ अध्यक्ष के परिजनों से भी मुलाकात कर उनका हालचाल जाना।
इसके बाद राष्ट्रीय अध्यक्ष डाकरा बाजार स्थित बूथ संख्या 138 पहुंचे, जहां बूथ अध्यक्ष राजेश कुमार भंडारी के आवास पर बूथ समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक में उन्होंने कार्यकर्ताओं से सीधा संवाद करते हुए बूथ को संगठन की सबसे मजबूत इकाई बताया। उन्होंने कहा कि बूथ जीता, तो चुनाव जीता के संकल्प के साथ कार्यकर्ताओं को जनता के बीच लगातार सक्रिय रहना होगा। बैठक में प्रदेश महामंत्री तरुण बंसल, प्रदेश मीडिया प्रभारी मनवीर चौहान, स्थानीय जनप्रतिनिधि, वरिष्ठ पदाधिकारी तथा बड़ी संख्या में कार्यकर्ता उपस्थित रहे।










