उत्तराखंड में आगामी 2027 के विधानसभा चुनावों में जीत की ऐतिहासिक हैट्रिक लगाने के लिए भाजपा ने अभी से कमर कस ली है। पार्टी ने उन सभी विधानसभा सीटों पर दोबारा कमल खिलाने के लिए एक विशेष और बेहद आक्रामक रणनीति तैयार की है जहां पिछले चुनावों में उसे हार का सामना करना पड़ा था। देहरादून में आयोजित भाजपा प्रदेश कोर कमेटी की उच्च स्तरीय बैठक में इस बार पूरा ध्यान कमजोर कड़ियों को मजबूत करने पर रहा। बैठक में यह साफ संदेश दिया गया कि जिन क्षेत्रों में पार्टी की कसर रह गई थी, वहां अब सीधे कोर कमेटी के दिग्गज मोर्चा संभालेंगे।
बैठक के मुख्य अतिथि और भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन ने पार्टी पदाधिकारियों और वरिष्ठ नेताओं को संबोधित करते हुए आगामी चुनावों के लिए जीत का मूल मंत्र दिया। उन्होंने साफ कहा कि चुनाव जीतने की सबसे पहली और अचूक चाबी मजबूत बूथ प्रबंधन है। लोकसभा और पिछले विधानसभा चुनावों में जिन सीटों पर भाजपा को शिकस्त झेलनी पड़ी थी, वहां अब युद्ध स्तर पर रणनीति बनाकर काम किया जाएगा। राष्ट्रीय अध्यक्ष ने नेताओं का मार्गदर्शन करते हुए स्पष्ट किया कि हर एक कमजोर बूथ की पहचान कर वहां नए सिरे से व्यूह रचना तैयार की जाएगी।
बैठक का मुख्य केंद्र बिंदु आगामी चुनाव ही रहे जहां नितिन नवीन ने नेताओं को हर एक बूथ को जीतने के व्यावहारिक टिप्स दिए। इस रणनीति के तहत प्रत्येक हारी हुई विधानसभा सीट के सभी बूथों के लिए समर्पित कार्यकर्ताओं की विशेष टीमों का गठन किया जाएगा जो सीधे जमीन पर उतरकर मतदाताओं से संपर्क साधेंगी।

कोर कमेटी के सदस्य करेंगे दो-दो दिन का सघन प्रवास
रणनीति को केवल कागजों तक सीमित न रखकर धरातल पर उतारने के लिए एक बड़ा फैसला लिया गया है। प्रदेश कोर कमेटी का प्रत्येक सदस्य हारी हुई विधानसभा सीटों में दो-दो दिनों का सघन प्रवास करेगा। इस दौरान ये सदस्य न केवल क्षेत्र में समय बिताएंगे बल्कि वहां की स्थानीय विधानसभा कोर कमेटी के साथ बैठकें भी करेंगे। इसके साथ ही, ये दिग्गज नेता सीधे बूथ स्तर पर जाकर जमीनी हकीकत और कार्यकर्ताओं की समस्याओं को जानेंगे। इस प्रवास का एक बड़ा उद्देश्य क्षेत्र की प्रमुख जनसमस्याओं की पहचान करना भी है ताकि उनके त्वरित समाधान के लिए सीधे सरकार को ठोस सुझाव भेजे जा सकें और जनता के बीच सरकार की छवि को और मजबूत किया जा सके।
यह भी पढ़ें : उत्तराखंड ने सौर ऊर्जा क्षेत्र में बनाई नई पहचान
नेताओं के प्रभाव के आधार पर बंटेगी जिम्मेदारी
प्रदेश भाजपा अध्यक्ष महेंद्र भट्ट ने बैठक के बाद मीडिया को जानकारी देते हुए बताया कि राष्ट्रीय अध्यक्ष के मार्गदर्शन में आगामी चुनाव की रणनीति और पार्टी के आगामी कार्यक्रमों पर विस्तार से चर्चा हुई है। संगठन को और अधिक सक्रिय करने के लिए एक-एक कार्यकर्ता के काम का विभाजन किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि प्रदेश कोर कमेटी के कुल 17 सदस्यों का जून, जुलाई और अगस्त महीने के लिए विस्तृत विधानसभा प्रवास कार्यक्रम तैयार किया जा रहा है। यह जिम्मेदारी बेहद वैज्ञानिक तरीके से बांटी जाएगी। जिस नेता का जिस विधानसभा क्षेत्र में अधिक प्रभाव और पकड़ होगी उसे उसी क्षेत्र की जिम्मेदारी सौंपी जाएगी ताकि पार्टी को उसका अधिकतम लाभ मिल सके।
विपक्षी दलों की चाल और जनता के मूड पर रहेगी पैनी नजर
भाजपा इस बार विपक्ष को किसी भी मोर्चे पर वॉकओवर देने के मूड में नहीं है। पार्टी ने तय किया है कि विपक्षी दलों की हर एक राजनीतिक चाल और रणनीति पर चौबीसों घंटे पैनी निगाह रखी जाएगी। खासकर उन सीटों पर गहन विश्लेषण किया जाएगा जहां भाजपा को हार का सामना करना पड़ा था। भाजपा नेतृत्व यह समझने का प्रयास करेगा कि विपक्षी दलों और उनके स्थानीय नेताओं की रणनीति क्या है, जनता उन्हें क्यों पसंद कर रही है और भाजपा की हार के पीछे असल राजनीतिक व सामाजिक कारण क्या रहे। इन सभी कारणों का बारीकी से अध्ययन कर विपक्ष के हर दांव का जवाब देने के लिए एक विशेष जवाबी रणनीति (काउंटर स्ट्रेटजी) तैयार की जाएगी।

दिग्गजों का रहा जमावड़ा, हुआ भव्य स्वागत
तीन दिवसीय दौरे पर पहली बार उत्तराखंड पहुंचे राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन का देहरादून आगमन पर कार्यकर्ताओं ने रिस्पना पुल पर पुष्प वर्षा कर बेहद भव्य स्वागत किया। इस दौरान मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी और नितिन नवीन ने गाड़ी से बाहर निकलकर कार्यकर्ताओं का अभिवादन स्वीकार किया। इस महत्वपूर्ण बैठक में पार्टी के दिग्गजों का भारी जमावड़ा देखने को मिला। बैठक में राष्ट्रीय महामंत्री संगठन बीएल संतोष, प्रदेश प्रभारी दुष्यंत गौतम, सह प्रभारी रेखा वर्मा, मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी, प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट, केंद्रीय राज्य मंत्री अजय टम्टा, पूर्व मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत, पूर्व मुख्यमंत्री तीरथ सिंह रावत, राष्ट्रीय सह कोषाध्यक्ष नरेश बंसल सहित राज्य के पांचों लोकसभा सांसद, कैबिनेट मंत्री और कई वरिष्ठ पदाधिकारी मौजूद रहे। सभी नेताओं ने एक सुर में 2027 में प्रचंड बहुमत के साथ हैट्रिक लगाने का संकल्प लिया।
राष्ट्रीय अध्यक्ष ने मंत्रियों से पूछा, कैसे जीतेंगे चुनाव
भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन ने सांगठनिक बैठकों के बाद अब सरकार के कामकाज को कसना शुरू कर दिया है। उन्होंने उत्तराखंड सरकार के मंत्री समूह की एक विशेष बैठक ली, जिसमें एक-एक कर सभी कैबिनेट मंत्रियों से उनके विभागों की योजनाओं और प्रगति का सीधा फीडबैक लिया। राष्ट्रीय अध्यक्ष ने मंत्रियों के सामने सीधा सवाल रखा कि 2027 का चुनाव जीतने के लिए आपकी क्या योजना है? बैठक में राष्ट्रीय अध्यक्ष ने सबसे पहले सभी मंत्रियों से औपचारिक परिचय लिया। इसके बाद आगामी चुनाव को ध्यान में रखते हुए विभागीय योजनाओं और भावी चुनावी रणनीति पर केंद्रित जानकारी मांगी गई। सभी मंत्रियों ने अपने-अपने विभागों की उपलब्धियों और भावी खाके को उनके सामने रखा। नितिन नवीन ने मंत्रियों को कड़े निर्देश देते हुए कहा कि राज्य व केंद्र सरकार की जो भी जनकल्यकारी योजनाएं हैं, उनका लाभ हर हाल में जमीनी स्तर (धरातल) पर आम जनता तक पहुंचना चाहिए। उन्होंने इस बात पर विशेष फोकस करने को कहा कि सरकारी योजनाओं के लाभार्थियों को किस तरह सीधे तौर पर संगठन और पार्टी के साथ जोड़ा जा सकता है।

छोटा राज्य, पर बड़े राज्यों को दे रहा चुनौती
राष्ट्रीय अध्यक्ष ने उत्तराखंड की सराहना करते हुए कहा कि यह भले ही भौगोलिक रूप से छोटा राज्य है लेकिन विकास के मोर्चे पर आज बड़े-बड़े राज्यों को चुनौती दे रहा है। डबल इंजन सरकार पर जनता का अटूट विश्वास है। उन्होंने कहा कि धर्म, संस्कृति संरक्षण व डेमोग्राफी संतुलन को लेकर जो ऐतिहासिक कार्य मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने किए हैं, उनकी चर्चा आज चारों तरफ हो रही है। उन्होंने मंत्रियों को नसीहत दी कि वे अपने प्रभार वाले जिलों और अपने विधानसभा क्षेत्रों पर विशेष ध्यान दें। इस बैठक में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के साथ कैबिनेट मंत्री सतपाल महाराज, धन सिंह रावत, सुबोध उनियाल, प्रेमचंद अग्रवाल, रेखा आर्य समेत कई वरिष्ठ मंत्री मौजूद रहे।
कोर कमेटी से चुनावी रणनीति पर किया मंथन
मंत्रियों के साथ बैठक के अलावा, पार्टी मुख्यालय में शाम छह बजे प्रदेश कोर कमेटी की भी एक महत्वपूर्ण बैठक हुई। इस बैठक में आगामी विधानसभा चुनाव में जीत की हैट्रिक लगाने के लिए पार्टी के संगठनात्मक कार्यक्रमों पर विस्तार से चर्चा की गई। साथ ही सरकार के चार साल के कार्यकाल में लिए गए महत्वपूर्ण फैसलों की जमकर सराहना की गई। बैठक में राष्ट्रीय महामंत्री संगठन बीएल संतोष, प्रदेश प्रभारी दुष्यंत गौतम सहित कोर कमेटी के सभी वरिष्ठ नेता मौजूद रहे। पार्टी नेतृत्व का मानना है कि इस बार कार्यकर्ताओं का जो स्वतः स्फूर्त उत्साह देखने को मिल रहा है, उससे साफ है कि 2027 में भाजपा नया रिकॉर्ड स्थापित करने जा रही है।










