13 दिनों तक चले ऐतिहासिक गोल्ज्यू महोत्सव-2026 का रविवार को भव्य समापन हो गया। समापन समारोह को वर्चुअल माध्यम से संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि चंपावत को देश का सर्वश्रेष्ठ और आदर्श जिला बनाना राज्य सरकार का विकल्प रहित संकल्प है। मुख्यमंत्री ने 04 मई से प्रारंभ हुए इस सांस्कृतिक एवं धार्मिक महोत्सव के सफल आयोजन के लिए नगरपालिका परिषद चंपावत, जिला प्रशासन और समस्त क्षेत्रवासियों को बधाई दी। उन्होंने कहा कि देवभूमि उत्तराखंड की लोक संस्कृति, पारंपरिक कलाओं और सांस्कृतिक विरासत को जीवंत बनाए रखने में ऐसे आयोजनों की अहम भूमिका है।
न्याय के देवता के रूप में पूजनीय श्री गोल्ज्यू महाराज की भूमि को नमन करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि इस प्रकार के आयोजन समाज में श्रद्धा, सकारात्मक ऊर्जा और सामाजिक समरसता को बढ़ावा देते हैं। मुख्यमंत्री ने महिला सशक्तिकरण को महोत्सव की बड़ी उपलब्धि बताते हुए कहा कि स्वयं सहायता समूहों द्वारा लगाए गए स्टॉलों से स्थानीय उत्पादों को नई पहचान मिली है। पहाड़ी दालें, हस्तशिल्प, ऑर्गेनिक उत्पाद और पारंपरिक व्यंजनों की बिक्री से ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूती मिली है।

उन्होंने कहा कि मानसखंड मंदिर माला मिशन के तहत कुमाऊं क्षेत्र के प्राचीन धार्मिक स्थलों का विकास किया जा रहा है। इसी क्रम में मां वाराही धाम देवीधुरा, बालेश्वर मंदिर और पाताल रुद्रेश्वर सहित कई धार्मिक स्थलों को भव्य स्वरूप दिया जा रहा है।
मुख्यमंत्री ने बताया कि श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए चंपावत में गोल्ज्यू कॉरिडोर और टनकपुर में शारदा कॉरिडोर का निर्माण सरकार की प्राथमिकताओं में शामिल है। साथ ही सड़क चौड़ीकरण, आधुनिक पार्किंग और स्वास्थ्य सेवाओं के विस्तार पर भी तेजी से काम किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि चंपावत में आधुनिक ड्राई पोर्ट, अंतरराष्ट्रीय स्तर का साइंस सेंटर, महिला स्पोर्ट्स कॉलेज, आईएसबीटी टनकपुर, पेयजल योजनाएं और मीडिया सेंटर गेस्ट हाउस जैसी परियोजनाएं विकास की नई इबारत लिख रही हैं। इनसे क्षेत्र में रोजगार और स्वरोजगार के अवसर बढ़ेंगे।

महोत्सव के अंतिम तीन दिनों में आयोजित स्टार नाइट कार्यक्रम विशेष आकर्षण का केंद्र रहा। समापन अवसर पर इंदर आर्या, माया उपाध्याय और नीरज चुफाल ने कुमाऊंनी और गढ़वाली गीतों की शानदार प्रस्तुतियां देकर दर्शकों को देर रात तक झूमने पर मजबूर कर दिया। इसी के साथ सांस्कृतिक रंगों से सराबोर गोल्ज्यू महोत्सव-2026 का भव्य समापन संपन्न हुआ।
यह भी पढ़ें : वाराही धाम को मिलेगी नई पहचान, धार्मिक पर्यटन का बनेगा आकर्षण केंद्र










