मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने जिले के ऐतिहासिक और प्रसिद्ध मां वाराही धाम, देवीधुरा पहुंचकर मंदिर के पुनर्निर्माण और विकास कार्यों का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने अधिकारियों से कार्यों की प्रगति की जानकारी ली और तय समय में निर्माण पूरा करने के निर्देश दिए। मुख्यमंत्री ने कहा कि मां वाराही धाम केवल श्रद्धा का केंद्र नहीं बल्कि उत्तराखंड की सांस्कृतिक और आध्यात्मिक विरासत का महत्वपूर्ण प्रतीक है। उन्होंने कहा कि मंदिर का विकास उसकी पारंपरिक पहचान और मूल स्वरूप को सुरक्षित रखते हुए किया जाएगा, ताकि श्रद्धालुओं को बेहतर सुविधाओं के साथ आध्यात्मिक अनुभव भी मिल सके।

उन्होंने कहा कि धाम के विकसित होने से प्रदेश में धार्मिक पर्यटन को बढ़ावा मिलेगा और स्थानीय युवाओं के लिए रोजगार एवं स्वरोजगार के नए अवसर पैदा होंगे। सरकार का उद्देश्य इस क्षेत्र को राष्ट्रीय स्तर पर प्रमुख धार्मिक पर्यटन केंद्र के रूप में स्थापित करना है। करीब 15 करोड़ रुपये की लागत से मंदिर परिसर का भव्य पुनर्निर्माण किया जा रहा है। निर्माण कार्य में पारंपरिक शैली और विशेष पत्थरों का उपयोग किया जा रहा है, जबकि मंदिर की शिल्पकला को भी आकर्षक स्वरूप दिया जाएगा। निरीक्षण के दौरान मुख्यमंत्री ने मंदिर में पूजा-अर्चना कर प्रदेशवासियों की सुख-समृद्धि की कामना की। इस अवसर पर स्थानीय जनप्रतिनिधि, अधिकारी और बड़ी संख्या में श्रद्धालु मौजूद रहे।










