भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन ने उत्तराखंड प्रवास के दौरान मिशन 2027 का शंखनाद कर दिया है। देहरादून के राजपुर रोड स्थित एक निजी प्रतिष्ठान में आयोजित महत्वपूर्ण बैठकों के दौरान उन्होंने सांसदों और विधायकों को स्पष्ट निर्देश दिए कि वे पार्टी के वैचारिक परिवार को बढ़ाने के लिए विधानसभावार कार्ययोजना में सक्रिय भूमिका निभाएं। उन्होंने जोर दिया कि केंद्र और राज्य सरकार की उपलब्धियों का ब्योरा हर घर तक पहुंचना चाहिए।
प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट ने बैठक की जानकारी देते हुए बताया कि राष्ट्रीय अध्यक्ष ने चुनाव में जीत सुनिश्चित करने के लिए बूथ विजय का मंत्र दिया है। उन्होंने निर्देश दिए कि पूर्व के विधानसभा और लोकसभा चुनावों में जिन सीटों पर पार्टी को हार का सामना करना पड़ा या जीत का अंतर कम रहा, वहां लोकसभा और राज्यसभा सांसदों की सीधी जिम्मेदारी तय की जाएगी। इन क्षेत्रों में संगठन की ओर से पूर्णकालिक कार्यकर्ता भी तैनात किए जाएंगे। राष्ट्रीय अध्यक्ष ने विधायकों से आग्रह किया कि वे मंडल संगठन के साथ मिलकर बूथ टोलियों के गठन का सत्यापन करें। चूंकि भाजपा की कार्यपद्धति बूथ आधारित है, इसलिए कार्यकर्ताओं को सशक्त बनाना प्राथमिकता है।

10 साल का लेखा-जोखा और प्रबुद्ध जन संपर्क
बैठक में तय किया गया कि प्रधानमंत्री मोदी के 12 वर्ष के कार्यों और राज्य सरकार के पिछले 10 वर्षों के कार्यकाल की उपलब्धियों को लेकर एक छोटा पम्फलेट या पत्रिका छापी जाएगी। इसमें विधायक अपने द्वारा किए गए विकास कार्यों का भी उल्लेख करेंगे।
प्रत्येक विधानसभा के 100 बुद्धिजीवी और प्रभावशाली व्यक्तियों की सूची बनाकर उनसे सीधा संपर्क किया जाएगा। सांसदों और विधायकों को ग्रामीण क्षेत्रों में ग्राम संपर्क अभियान चलाने के निर्देश दिए गए हैं।
सांस्कृतिक राष्ट्रवाद और देवभूमि का संदेश
राष्ट्रीय अध्यक्ष ने कार्यकर्ताओं में जोश भरते हुए कहा कि उत्तराखंड की भाजपा सरकार केवल एक राजनीतिक व्यवस्था नहीं, बल्कि सांस्कृतिक राष्ट्रवादी विचारों की सरकार है। उन्होंने आह्वान किया कि देवभूमि से भगवा और राष्ट्रवाद का संदेश पूरे देश में जाना चाहिए। उन्होंने कहा, हमें 2027 में प्रचंड बहुमत से वापसी करनी है ताकि विकसित भारत का सपना साकार हो सके।

बूथ को बारहों मास सक्रिय रखें : बीएल संतोष
राष्ट्रीय महामंत्री संगठन बीएल संतोष ने संगठन की मजबूती पर जोर देते हुए कहा कि बूथ का गठन केवल चुनाव के लिए नहीं होना चाहिए बल्कि इसे साल के बारहों महीने सक्रिय रखना अनिवार्य है। उन्होंने मन की बात कार्यक्रम और बूथ कमेटी की नियमित बैठकों में तेजी लाने के निर्देश दिए ताकि सरकार की योजनाएं अंतिम व्यक्ति तक पहुंच सकें।
लैंड जिहाद खत्म किया, अब विकास में नंबर वन :सीएम धामी
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने सरकार की उपलब्धियां गिनाते हुए कहा कि उत्तराखंड आज ईज ऑफ डूइंग बिजनेस और ‘सतत विकास सूचकांकों में शीर्ष पर है। उन्होंने कहा कि यूसीसी (UCC) लागू करने और लैंड जिहाद को समाप्त करने जैसे कड़े निर्णय लिए गए हैं। उन्होंने विपक्ष की नकारात्मक राजनीति पर प्रहार करते हुए कहा कि झूठ के पैर नहीं होते, हमें अपने काम के दम पर जनता के बीच जाना है।










