पुष्कर सिंह धामी ने गुरुग्राम में आयोजित AWPL के भव्य विजय पर्व कार्यक्रम में भाग लेते हुए डायरेक्ट सेलिंग मॉडल को आत्मनिर्भर भारत की दिशा में एक प्रभावी माध्यम बताया। उन्होंने कहा कि यह मॉडल न केवल रोजगार के नए अवसर पैदा कर रहा है बल्कि युवाओं को जॉब सीकर से जॉब क्रिएटर बनने के लिए प्रेरित भी कर रहा है। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि AWPL द्वारा आयोजित यह आयोजन उन लोगों के सम्मान का प्रतीक है जिन्होंने अपने परिश्रम और समर्पण से सफलता की नई मिसाल कायम की है। उन्होंने बताया कि डायरेक्ट सेलिंग के जरिए उत्पाद सीधे उपभोक्ताओं तक पहुंच रहे हैं, जिससे गुणवत्ता और विश्वास दोनों सुनिश्चित हो रहे हैं, साथ ही लाखों लोगों को आत्मनिर्भर बनने का अवसर मिल रहा है।
मुख्यमंत्री ने कार्यक्रम में उमड़ी भीड़ का उल्लेख करते हुए कहा कि यह इस बात का प्रमाण है कि डायरेक्ट सेलिंग आज देश में तेजी से लोकप्रिय हो रही है और लोगों के जीवन में सकारात्मक बदलाव ला रही है। उन्होंने AWPL के प्रबंध निदेशक और सीईओ डॉ. संजीव कुमार तथा उनकी टीम को इस सफल आयोजन के लिए बधाई दी। उन्होंने कहा कि नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश में उद्यमिता को बढ़ावा दिया जा रहा है। रिफॉर्म, परफॉर्म और ट्रांसफॉर्म के मंत्र के साथ सरकार ने कई ऐसी योजनाएं शुरू की हैं जो युवाओं को आत्मनिर्भर बनने के लिए प्रेरित करती हैं। मुख्यमंत्री ने स्टार्टअप इंडिया, मेक इन इंडिया, स्किल इंडिया और डिजिटल इंडिया जैसी पहलों का जिक्र करते हुए कहा कि भारत आज दुनिया का तीसरा सबसे बड़ा स्टार्टअप इकोसिस्टम बन चुका है।

उन्होंने महिलाओं की भागीदारी को विशेष रूप से रेखांकित करते हुए कहा कि डायरेक्ट सेलिंग प्लेटफॉर्म महिलाओं के आर्थिक और सामाजिक सशक्तिकरण का मजबूत माध्यम बन रहा है। आज महिलाएं इन माध्यमों से न केवल अपने परिवार की आय बढ़ा रही हैं बल्कि समाज में अपनी अलग पहचान भी बना रही हैं। मुख्यमंत्री ने यह भी बताया कि वर्ष 2021 में केंद्र सरकार द्वारा डायरेक्ट सेलिंग क्षेत्र के लिए स्पष्ट नियम लागू किए गए जिससे इस क्षेत्र में पारदर्शिता और उपभोक्ता संरक्षण सुनिश्चित हुआ है। इन नियमों से डायरेक्ट सेलर्स के अधिकार मजबूत हुए हैं और पूरे सेक्टर को एक संगठित ढांचा मिला है।
उत्तराखंड के विकास का जिक्र करते हुए उन्होंने बताया कि राज्य में निवेश और उद्योगों के क्षेत्र में तेजी से प्रगति हो रही है। वर्ष 2023 के ग्लोबल इनवेस्टर्स समिट में 3.56 लाख करोड़ रुपये से अधिक के निवेश समझौते हुए जिनमें से एक बड़ा हिस्सा धरातल पर उतर चुका है। राज्य की जीएसडीपी में 7.23 प्रतिशत की वृद्धि दर्ज की गई है और प्रति व्यक्ति आय में भी उल्लेखनीय बढ़ोतरी हुई है। उन्होंने बताया कि राज्य में 20 हजार से अधिक नए उद्योग स्थापित हुए हैं और स्टार्टअप्स की संख्या तेजी से बढ़कर 1750 से अधिक हो गई है। पर्यटन, ऊर्जा और इंफ्रास्ट्रक्चर के क्षेत्र में भी उल्लेखनीय प्रगति दर्ज की गई है, जिससे रोजगार के नए अवसर पैदा हुए हैं। मुख्यमंत्री ने वोकल फॉर लोकल और लोकल टू ग्लोबल की अवधारणा को आगे बढ़ाने की अपील करते हुए कहा कि हाउस ऑफ हिमालयाज जैसे प्रयासों के माध्यम से स्थानीय उत्पादों को वैश्विक पहचान मिल रही है। इससे प्रदेश की लाखों महिलाएं आर्थिक रूप से सशक्त बन रही हैं और लखपति दीदी के रूप में उभर रही हैं।










