SIR : मुख्य निर्वाचन अधिकारी डॉ. बीवीआरसी पुरुषोत्तम और भारत निर्वाचन आयोग के उप निर्वाचन आयुक्त संजय कुमार ने मंगलवार को वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से सभी जिलाधिकारियों के साथ विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान की प्रगति की समीक्षा की। बैठक में गणना फार्मों के वितरण और डिजिटाइजेशन कार्य को लेकर विस्तृत चर्चा की गई।
मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने निर्देश दिए कि सभी जनपद निर्धारित समयसीमा के भीतर गणना फार्मों का शत-प्रतिशत वितरण सुनिश्चित करें। जिन जिलों में वितरण कार्य लगभग पूरा हो चुका है, वहां अब डिजिटाइजेशन की प्रक्रिया में तेजी लाई जाए। उन्होंने जिलाधिकारियों को बूथवार समीक्षा करने तथा धीमी प्रगति वाले बूथों पर अतिरिक्त कार्मिकों को हेल्पिंग हैंड के रूप में तैनात करने के निर्देश दिए। डॉ. पुरुषोत्तम ने कहा कि घर पर अनुपस्थित मिलने वाले मतदाताओं तक पहुंचने के लिए बूथ लेवल अधिकारी (बीएलओ) और बूथ लेवल एजेंट (बीएलए) संयुक्त रूप से भ्रमण करें। ऐसे मतदाताओं के घरों पर कम से कम तीन बार संपर्क किया जाए, ताकि किसी पात्र मतदाता का नाम सूची से छूटने न पाए।

उप निर्वाचन आयुक्त संजय कुमार ने कहा कि जिन जनपदों में फार्म वितरण का कार्य पूरा हो चुका है और मतदाता उपलब्ध नहीं मिले हैं, वहां डिजिटाइजेशन पूर्ण होने के बाद ऐसे मतदाताओं की सूची संबंधित बूथ लेवल एजेंटों के साथ साझा की जाए। उन्होंने निर्देश दिए कि एबसेंट, शिफ्टेड, मृत तथा डुप्लीकेट मतदाताओं से संबंधित मामलों में बीएलओ गणना फार्म पर अनिवार्य रूप से फील्ड रिपोर्ट दर्ज करें।










