मुख्यमंत्री धामी ने मंगलवार को सचिवालय में कार्यक्रम क्रियान्वयन विभाग द्वारा तैयार की गई मेरी योजना पुस्तक के ऑडियो संस्करण का लोकार्पण किया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि विभिन्न विभागों की जनकल्याणकारी योजनाओं को एक ही पुस्तक में समाहित कर आम नागरिकों के लिए उपयोगी और सहज जानकारी उपलब्ध कराने का प्रयास किया गया है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि पुस्तक में केंद्र और राज्य सरकार की जनहितकारी योजनाओं के साथ-साथ स्वरोजगार, कौशल विकास, शिक्षा, कृषि तथा अन्य महत्वपूर्ण क्षेत्रों से जुड़ी योजनाओं की पात्रता, लाभ और आवेदन प्रक्रिया को सरल एवं सहज भाषा में प्रस्तुत किया गया है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि सरकारी योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने के लिए विभाग निरंतर नवाचार करें तथा शासनादेशों और सरकारी सूचनाओं को भी आमजन की समझ के अनुरूप सरल भाषा में जारी किया जाए।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश विकास और आत्मनिर्भरता की दिशा में तेजी से आगे बढ़ रहा है। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार की विभिन्न नीतियों और योजनाओं से उत्तराखंड को विशेष सहयोग प्राप्त हुआ है, जिसके परिणामस्वरूप सड़क, रेल, हवाई संपर्क, स्वास्थ्य, शिक्षा और आधारभूत संरचना के क्षेत्र में उल्लेखनीय प्रगति हुई है। दूरस्थ क्षेत्रों तक विकास की पहुंच सुनिश्चित होने से प्रदेश के लोगों को बेहतर सुविधाएं मिल रही हैं।

उन्होंने कहा कि राज्य सरकार की रोजगारोन्मुखी योजनाओं ने युवाओं और महिलाओं के लिए नए अवसरों के द्वार खोले हैं। मुख्यमंत्री स्वरोजगार योजना, महक क्रांति योजना, एरोमा वैली और मिशन एप्पल जैसी पहलें ग्रामीण अर्थव्यवस्था को सशक्त बनाने के साथ-साथ आत्मनिर्भर उत्तराखंड के संकल्प को भी मजबूती प्रदान कर रही हैं।
कार्यक्रम क्रियान्वयन विभाग के सचिव दीपक कुमार ने बताया कि मेरी योजना पुस्तक का ऑडियो संस्करण आकाशवाणी सहित विभिन्न रेडियो केंद्रों पर प्रसारित किया जाएगा ताकि योजनाओं की जानकारी अधिक से अधिक लोगों तक पहुंच सके। उन्होंने बताया कि विभाग अब तक पुस्तक के चार संस्करण प्रकाशित कर चुका है तथा इसका डिजिटल संस्करण भी उपलब्ध कराया जा चुका है। कार्यक्रम में सूचना महानिदेशक बंशीधर तिवारी सहित विभागीय अधिकारी मौजूद रहे।










