पुष्कर सिंह धामी ने शनिवार को मुख्यमंत्री कैंप कार्यालय में आयोजित कार्यक्रम में ‘नीति एक्सट्रीम अल्ट्रा रन 2026’ के काउंटडाउन रन को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इस दौरान उन्होंने मशाल प्रज्ज्वलित कर प्रतीकात्मक दौड़ में भी प्रतिभाग किया। मुख्यमंत्री ने आगामी 31 मई को आयोजित होने वाली नीति एक्सट्रीम अल्ट्रा रन के शुभंकर ‘क्यालु- हिम तेंदुआ’ का भी अनावरण किया। मुख्यमंत्री ने कहा कि नीति एक्सट्रीम अल्ट्रा रन केवल एक खेल आयोजन नहीं, बल्कि सीमांत क्षेत्रों में नई ऊर्जा, नए अवसर और नए विश्वास को जागृत करने का अभियान है। उन्होंने कहा कि कार्यक्रम में युवाओं का उत्साह और आत्मविश्वास यह साबित करता है कि देवभूमि उत्तराखंड के युवाओं में साहस, संकल्प और देश के लिए कुछ बड़ा करने का जज्बा मौजूद है।
उन्होंने कहा कि यह दौड़ केवल शारीरिक क्षमता की परीक्षा नहीं, बल्कि इच्छाशक्ति, धैर्य और आत्मविश्वास को मजबूत करने का माध्यम भी है। मुख्यमंत्री ने कहा कि नीति घाटी जैसे दुर्गम क्षेत्र में दौड़ने के लिए बुलंद हौसले और हिमालय जैसा अडिग विश्वास जरूरी है। उन्होंने प्रतिभागियों को उत्तराखंड के साहस, पर्यटन और सामर्थ्य का ब्रांड एंबेसडर बताया। मुख्यमंत्री ने कहा कि आज उत्तराखंड केवल प्राकृतिक सौंदर्य और आध्यात्मिक शक्ति का प्रतीक नहीं, बल्कि हर क्षेत्र में तेजी से आगे बढ़ता नया उत्तराखंड है। उन्होंने कहा कि नीति एक्सट्रीम अल्ट्रा रन नए उत्तराखंड की शक्ति और सामर्थ्य का प्रदर्शन बनेगा।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का यह विजन कि सीमावर्ती गांव देश के अंतिम नहीं, बल्कि पहले गांव हैं, इस आयोजन के माध्यम से साकार हो रहा है। मुख्यमंत्री ने विश्वास जताया कि यह आयोजन सीमांत क्षेत्रों में पर्यटन, रोजगार, होमस्टे, स्थानीय उत्पादों और युवा उद्यमिता को नई गति देगा। मुख्यमंत्री ने कहा कि 31 मई को नीति घाटी की दुर्गम धरती पर आयोजित होने वाला यह कार्यक्रम उत्तराखंड के खेल और एडवेंचर टूरिज्म के इतिहास में नया अध्याय लिखेगा। उन्होंने बताया कि देश के 27 राज्यों और दो अन्य देशों से 900 से अधिक प्रतिभागियों ने इस महाआयोजन के लिए पंजीकरण कराया है।

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री के नेतृत्व में ‘फिट इंडिया मूवमेंट’ और ‘खेलो इंडिया’ जैसे अभियानों के जरिए खेल और फिटनेस को जनआंदोलन बनाया जा रहा है। राज्य सरकार भी उत्तराखंड को देश का अग्रणी एडवेंचर स्पोर्ट्स और स्पोर्ट्स टूरिज्म डेस्टिनेशन बनाने के लिए लगातार कार्य कर रही है। इस अवसर पर सचिव पर्यटन धीराज गर्ब्याल, पर्यटन विकास परिषद के अपर मुख्य कार्यकारी अधिकारी नरेंद्र भंडारी सहित अनेक प्रतिभागी मौजूद रहे।










