पुष्कर सिंह धामी ने गजा घंटाकर्ण महोत्सव-2026 के अवसर पर टिहरी गढ़वाल क्षेत्र के समग्र विकास के लिए कई महत्वपूर्ण घोषणाएं कीं। मुख्यमंत्री ने घंटाकर्ण महादेव मंदिर तक रोपवे निर्माण की घोषणा करते हुए कहा कि इससे धार्मिक पर्यटन को बढ़ावा मिलेगा और श्रद्धालुओं को बेहतर सुविधाएं मिलेंगी। मुख्यमंत्री ने नगर पंचायत गजा में आंतरिक मार्गों के निर्माण, गजा मैदान के विस्तारीकरण और मंच निर्माण की भी घोषणा की। इसके साथ ही शहीद विक्रम सिंह नेगी राजकीय पॉलिटेक्निक गजा में फार्मेसी विषय की स्वीकृति देने का ऐलान किया।
पर्यटन विकास को गति देने के लिए कोटेश्वर झील के विकास और डांडाचली में ईको पार्क निर्माण की घोषणा की गई। वहीं पावकी देवी और चमराड़ा देवी (भरपूर) मंदिरों के सौंदर्यीकरण कार्य भी कराए जाएंगे। सड़क और आधारभूत सुविधाओं को मजबूत करने के तहत दंदेली, अंदरफीगांव, फलसारी, बिमाण गांव मोटर मार्ग तथा रणाकोट डांडा जमोला मोटर मार्ग को स्वीकृति देने की घोषणा की गई। स्वास्थ्य सेवाओं के विस्तार के लिए चाका महिला अस्पताल को PHC में परिवर्तित कर उच्चीकृत किया जाएगा तथा चाका में सामुदायिक भवन को सुदृढ़ किया जाएगा।
शिक्षा क्षेत्र में मुख्यमंत्री ने राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय सिंगटाली और पजै गांव को इंटर कॉलेज स्तर तक उच्चीकृत करने तथा नरेंद्रनगर महाविद्यालय को पीजी स्तर तक विकसित करने की घोषणा की। मुख्यमंत्री ने गजा तहसील में लोक निर्माण विभाग, विद्युत विभाग, जल संस्थान और जल निगम के तहसील स्तरीय कार्यालयों को स्वीकृति देने की भी घोषणा की। साथ ही हेंवल नदी में झील निर्माण और गजा बगीद में 33 केवी सब स्टेशन स्थापित किए जाने की बात कही।

इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने अटल उत्कृष्ट राजकीय इंटर कॉलेज गजा पहुंचकर “गजा घंटाकर्ण महोत्सव-2026” का दीप प्रज्वलित कर शुभारंभ किया। उन्होंने प्राचीन घंटाकर्ण मंदिर में पूजा-अर्चना कर प्रदेश और देश की सुख-समृद्धि की कामना की तथा राज्य आंदोलनकारी शहीद बेलमती चौहान को श्रद्धांजलि अर्पित की।
मुख्यमंत्री ने कहा कि गजा महोत्सव उत्तराखंड की सांस्कृतिक विरासत और लोक परंपराओं को संरक्षित करने का महत्वपूर्ण माध्यम बन रहा है। उन्होंने स्कूली बच्चों द्वारा प्रस्तुत सांस्कृतिक कार्यक्रमों की सराहना करते हुए कहा कि महोत्सव का स्वरूप लगातार भव्य होता जा रहा है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में राज्य सरकार उत्तराखंड को वैश्विक पहचान दिलाने के लिए लगातार कार्य कर रही है। क्षेत्र में नगर पंचायत कार्यालय, गौशाला, मिनी स्टेडियम, क्रिकेट छात्रावास और विभिन्न पेयजल योजनाओं के निर्माण कार्य पूरे किए जा चुके हैं, जबकि कई योजनाएं प्रगति पर हैं।










