उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने शुक्रवार को वर्चुअल माध्यम से काशीपुर क्षेत्र की 25.19 करोड़ रुपये की विभिन्न विकास परियोजनाओं का शिलान्यास एवं लोकार्पण किया। इस दौरान उन्होंने कहा कि राज्य सरकार काशीपुर के समग्र विकास के लिए प्रतिबद्ध है और क्षेत्र में आधुनिक आधारभूत सुविधाओं के विस्तार हेतु तेजी से कार्य किए जा रहे हैं। मुख्यमंत्री ने बताया कि काशीपुर शहर को यातायात जाम की समस्या से राहत दिलाने के उद्देश्य से लगभग 34 करोड़ रुपये की लागत से आठ प्रमुख चौराहों के निर्माण एवं सौंदर्यीकरण का कार्य शुरू किया जा रहा है। प्रथम चरण में दो महत्वपूर्ण चौराहों का शिलान्यास किया गया है। ननकाना साहिब जाने वाले मार्ग पर स्थित स्टेडियम तिराहे को “ननकाना साहिब चौक” नाम दिया जाएगा, जिसके सौंदर्यीकरण के लिए 3.35 करोड़ रुपये स्वीकृत किए गए हैं। वहीं वीर शिरोमणि महाराणा प्रताप चौक के सौंदर्यीकरण के लिए 4.30 करोड़ रुपये की लागत से प्रथम चरण के कार्य प्रारंभ किए जा रहे हैं।
उन्होंने कहा कि 16.81 करोड़ रुपये की लागत से काशीपुर-रामनगर मार्ग (एनएच-309) के मरम्मत एवं निर्माण कार्यों का भी शिलान्यास किया गया है। इसके अतिरिक्त काशीपुर स्टेडियम में 24 लाख रुपये की लागत से निर्मित आधुनिक ओपन जिम तथा उधम सिंह नगर विकास प्राधिकरण के क्षेत्रीय कार्यालय में 49.24 लाख रुपये की लागत से निर्मित प्री-फैब्रिकेटेड स्ट्रक्चर का लोकार्पण भी किया गया।
मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देशभर में आधुनिक एवं मजबूत इंफ्रास्ट्रक्चर के निर्माण पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है। इसी दिशा में उत्तराखंड सरकार भी सड़क, स्वास्थ्य, शिक्षा, पर्यटन एवं शहरी विकास से जुड़ी योजनाओं को तेजी से आगे बढ़ा रही है। उन्होंने कहा कि काशीपुर कुमाऊं क्षेत्र का एक प्रमुख औद्योगिक एवं व्यावसायिक केंद्र है। इसे ध्यान में रखते हुए 133 एकड़ क्षेत्र में इलेक्ट्रॉनिक मैन्युफैक्चरिंग क्लस्टर पार्क विकसित किया जा रहा है, जिसमें 16 औद्योगिक इकाइयों का आवंटन हो चुका है। इससे क्षेत्र में रोजगार के नए अवसर सृजित होंगे।

मुख्यमंत्री ने बताया कि काशीपुर-रामनगर राजमार्ग को फोरलेन बनाने के लिए 494 करोड़ रुपये से अधिक की धनराशि स्वीकृत की गई है। साथ ही तीन किलोमीटर लंबे मिनी बाईपास का निर्माण कार्य भी शुरू हो चुका है, जिससे शहर को यातायात दबाव से राहत मिलेगी। उन्होंने कहा कि काशीपुर, हरिद्वार और ऋषिकेश में ऑटोमेटेड ड्राइविंग टेस्ट ट्रैक की सुविधा शुरू की गई है। वहीं काशीपुर की ड्रेनेज और ट्रैफिक व्यवस्था को सुदृढ़ करने के लिए मास्टर प्लान पर कार्य किया जा रहा है। लगभग 1950 करोड़ रुपये की लागत से पेयजल, सीवरेज, सड़क सुधार और सीवेज ट्रीटमेंट प्लांट जैसी महत्वपूर्ण परियोजनाओं पर तेजी से काम चल रहा है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि पूर्ववर्ती सरकारों का काम योजनाओं को लंबित रखना था, जबकि वर्तमान सरकार “नो पेंडेंसी” के सिद्धांत पर कार्य कर रही है। हमारी सरकार शिलान्यास के साथ-साथ योजनाओं का समयबद्ध लोकार्पण भी सुनिश्चित कर रही है। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि जनता के सहयोग से उत्तराखंड को देश का सर्वश्रेष्ठ राज्य बनाने का संकल्प अवश्य पूरा होगा। कार्यक्रम में वर्चुअल माध्यम से खटीमा से जिला पंचायत अध्यक्ष अजय मौर्य, नगर पालिका अध्यक्ष रमेश चंद्र जोशी, जिलाधिकारी नितिन सिंह भदौरिया, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अजय गणपति तथा काशीपुर से विधायक त्रिलोक सिंह चीमा, मेयर दीपक बाली सहित अन्य जनप्रतिनिधि एवं बड़ी संख्या में नागरिक जुड़े रहे।










