Uttarakhand के सीएम पुष्कर सिंह धामी ने बस्तर में आयोजित मध्य क्षेत्रीय परिषद् की 26वीं बैठक में हिस्सा लेते हुए राज्यों के बेहतर समन्वय को विकसित भारत के संकल्प की आधारशिला बताया। बैठक की अध्यक्षता गृहमंत्री अमित शाह ने की। बैठक में आंतरिक सुरक्षा, आधारभूत संरचना विकास, जनकल्याणकारी योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन और क्षेत्रीय विकास जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर व्यापक चर्चा हुई। मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि राज्यों के बीच संवाद और सहयोग मजबूत होने से देश के संतुलित एवं समग्र विकास को नई गति मिलेगी।

मुख्यमंत्री ने वर्ष 2027 में आयोजित होने वाली विश्वप्रसिद्ध मां नंदा राजजात यात्रा और कुंभ मेले की तैयारियों का मुद्दा भी प्रमुखता से उठाया। उन्होंने कहा कि इन आयोजनों में देश-विदेश से आने वाले श्रद्धालुओं और पर्यटकों की सुविधा, सुरक्षा, यातायात प्रबंधन तथा आधारभूत सुविधाओं के विस्तार के लिए केंद्र और राज्यों के साझा सहयोग की आवश्यकता होगी। धामी ने कहा कि उत्तराखंड सरकार राज्य की सांस्कृतिक और आध्यात्मिक विरासत को वैश्विक पहचान दिलाने के लिए लगातार कार्य कर रही है। उन्होंने विश्वास जताया कि केंद्र और विभिन्न राज्यों के सहयोग से मां नंदा राजजात यात्रा एवं कुंभ मेले का आयोजन ऐतिहासिक और सुव्यवस्थित होगा।

बैठक में मुख्यमंत्री ने सीमावर्ती राज्यों के बीच बेहतर समन्वय, साइबर अपराधों पर नियंत्रण, आपदा प्रबंधन व्यवस्था को मजबूत करने और तकनीकी संसाधनों के अधिक उपयोग पर भी बल दिया। उन्होंने कहा कि आधुनिक चुनौतियों से निपटने के लिए राज्यों के बीच सूचनाओं के आदान-प्रदान और संयुक्त प्रयासों को और अधिक प्रभावी बनाना जरूरी है।










