भारत के चुनाव आयोग (ECI) ने चुनावों में मीडिया की भूमिका पर नई दिल्ली में पहली ऑल इंडिया मीडिया कांफ्रेंस 2026 का आयोजन किया। इसमें देश भर के राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों से 380 से ज़्यादा मीडिया प्रोफेशनल्स शामिल हुए। इस कांफ्रेंस का विषय ‘स्टेकहोल्डर्स को जोड़ना, लोकतंत्र को मज़बूत करना: चुनावों में मीडिया की भूमिका’ था। कांफ्रेंस के दौरान मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार ने प्रतिभागियों को संबोधित किया। उन्होंने इस बात पर ज़ोर दिया कि भारत में चुनाव, भारत के संविधान, चुनावी कानूनों और समय-समय पर चुनाव आयोग द्वारा जारी निर्देशों के अनुसार कराए जाते हैं। उन्होंने यह भी कहा कि भारत में चुनावी प्रक्रिया में शामिल सभी स्टेकहोल्डर्स द्वारा पूरी चुनावी प्रक्रिया का साथ-साथ ऑडिट भी किया जाता है।

नई दिल्ली स्थित IIIDEM में आयोजित कांफ्रेंस में उत्तराखंड राज्य से रेडियो,प्रिंट एवं इलेक्ट्रॉनिक मीडिया के प्रतिनिधियों ने प्रतिभाग कर निर्वाचन प्रक्रिया के बारे में विस्तारपूर्वक जानकारी ली।
CEC ज्ञानेश कुमार ने कहा कि लगभग 95 करोड़ मतदाताओं वाली भारत की मतदाता सूची एक जीवंत दस्तावेज़ है, जो समय के साथ निरंतर अपडेट होती रहती है। उन्होंने मतदाता सूची की तैयारी में निहित वैधानिक सुरक्षा उपायों का उल्लेख करते हुए बताया कि इस प्रक्रिया में 12 लाख से अधिक बूथ लेवल अधिकारी (BLO) तथा 15 लाख से अधिक बूथ लेवल एजेंट (BLA) ‘समानांतर ऑडिटर’ के रूप में सक्रिय भूमिका निभाते हैं।
इस दौरान इंटरेक्टिव सेशन के दौरान उत्तराखंड के मीडियाकर्मियों ने सीईसी से एसआईआर से जुड़े कई अहम मुद्दों पर सवाल पूछे।

CEC ज्ञानेश कुमार ने कहा कि हाल ही में सम्पन्न विधानसभा चुनावों में दर्ज अब तक का सर्वाधिक मतदान प्रतिशत देश की निर्वाचन प्रणाली और भारतीय लोकतंत्र की सशक्तता पर मतदाताओं के विश्वास का प्रमाण है। उन्होंने विशेष गहन पुनरीक्षण (Special Intensive Revision यानी SIR) प्रक्रिया में सक्रिय भागीदारी के लिए देश के सभी मतदाताओं का आभार भी व्यक्त किया। इस सम्मेलन का उद्देश्य निर्वाचन प्रक्रिया के विभिन्न पहलुओं तथा भारत में राजनीतिक दलों और अभ्यर्थियों सहित सभी प्रमुख हितधारकों की भागीदारी के साथ पूर्ण पारदर्शिता के आधार पर चुनाव संपन्न कराने की प्रक्रिया के बारे में मीडिया में बेहतर और तथ्यपरक समझ विकसित करना है।
कार्यक्रम की शुरुआत संविधान में निहित पारदर्शिता संबंधी प्रावधानों, लोक प्रतिनिधित्व अधिनियम, 1950 एवं 1951, समय-समय पर आयोग द्वारा जारी निर्देशों, ECINET प्लेटफॉर्म, चुनावों में प्रौद्योगिकी की भूमिका तथा चुनावों के दौरान मीडिया से संबंधित महत्वपूर्ण संवैधानिक एवं विधिक प्रावधानों पर विस्तृत प्रस्तुति के साथ हुई। इस अवसर पर प्रतिभागियों को बूथ लेवल एजेंट, पोलिंग एजेंट तथा काउंटिंग एजेंट की भूमिका एवं जिम्मेदारियों से अवगत कराया गया। साथ ही चुनावों के विभिन्न चरणों में पारदर्शिता सुनिश्चित करने, राजनीतिक दलों की भागीदारी को सुगम बनाने तथा निर्वाचन प्रक्रिया को सुदृढ़ करने में उनकी भूमिका को ‘समानांतर ऑडिटर’ के रूप में रेखांकित किया गया।

कार्यक्रम के अंतर्गत प्रतिभागियों को समूहों में वोटिंग लिस्ट तैयार करने की प्रक्रिया, मतदान प्रक्रिया तथा मतगणना प्रक्रिया का डेमो भी प्रदर्शित कराया गया। इन प्रदर्शनों के माध्यम से मीडिया प्रतिनिधियों को विभिन्न लीगल डॉक्यूमेंट्स की प्रत्यक्ष जानकारी प्राप्त हुई, जो निर्वाचन प्रक्रिया के विभिन्न हितधारकों द्वारा किए जाने वाले समानांतर ऑडिट का आधार हैं।










