दुनिया भर में एआई के बढ़ते प्रभाव के बीच टेक उद्योग में नौकरियों पर संकट गहराता जा रहा है। इसी क्रम में फेसबुक की पेरेंट कंपनी meta प्लेटफार्म ने 20 मई को करीब 8,000 कर्मचारियों की छंटनी करने का फैसला लिया है। कंपनी के मुख्य कार्यकारी अधिकारी मार्क जुकरबर्ग मेटा को अब छोटी, तेज और एआई-संचालित टीमों के आधार पर दोबारा संगठित कर रहे हैं। हाल ही में पहली तिमाही के वित्तीय नतीजों के दौरान जुकरबर्ग ने साफ कहा कि कंपनी अब ऐसे कर्मचारियों को प्राथमिकता देगी, जो कम संसाधनों में बड़े प्रोजेक्ट संभाल सकें। उनका मानना है कि आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस की मदद से अब एक या दो इंजीनियर वह काम कुछ दिनों में कर सकते हैं, जिसके लिए पहले बड़ी टीमों को महीनों लगते थे। इसी सोच के तहत मेटा अपनी टीमों को छोटा और अधिक उत्पादक बना रही है।
कंपनी में अब अल्ट्राफ्लैट ढांचा लागू किया जा रहा है, जहां लगभग 50 इंजीनियरों पर केवल एक मैनेजर होगा। जुकरबर्ग के अनुसार यह कदम सिर्फ लागत घटाने के लिए नहीं बल्कि मेटा को भविष्य की तकनीकी प्रतिस्पर्धा के लिए तैयार करने की रणनीति का हिस्सा है। दूसरी ओर मेटा इस साल एआई बुनियादी ढांचे पर रिकॉर्ड निवेश कर रही है। कंपनी डेटा सेंटर, कस्टम चिप्स और एआई मॉडल ट्रेनिंग पर 125 से 145 अरब डॉलर तक खर्च करने की तैयारी में है। मेटा की मुख्य वित्तीय अधिकारी सुसैन ली ने बताया कि बुनियादी ढांचे पर खर्च पिछले वर्ष की तुलना में लगभग दोगुना हो गया है। इसके कारण कंपनी के बजट और कर्मचारियों पर होने वाले खर्च के बीच असंतुलन पैदा हुआ जिसे संतुलित करने के लिए छंटनी का फैसला लिया गया।

भारी पूंजीगत खर्च और भविष्य को लेकर अनिश्चितता का असर शेयर बाजार पर भी दिखा। अर्निंग कॉल के बाद मेटा के शेयरों में करीब 6 प्रतिशत की गिरावट दर्ज की गई जिससे निवेशकों की चिंता सामने आई। कंपनी के भीतर भी माहौल तनावपूर्ण बताया जा रहा है। मेटा ने मॉडल कैपेबिलिटी इनिशिएटिव नामक एक आंतरिक ट्रैकिंग सिस्टम लागू किया है, जो कर्मचारियों के कीस्ट्रोक्स, क्लिक और माउस मूवमेंट तक रिकॉर्ड करता है। प्रदर्शन मूल्यांकन में भी एआई आधारित निगरानी को शामिल किया जा रहा है। इन बदलावों के चलते कर्मचारियों का मनोबल प्रभावित हुआ है। मेटा की नई रणनीति यह संकेत दे रही है कि आने वाले समय में टेक उद्योग में वही कर्मचारी टिक पाएंगे जो एआई उपकरणों के साथ तेज और कुशल तरीके से काम करने में सक्षम होंगे।










