हरिद्वार से सांसद और उत्तराखंड के पूर्व मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत ने नारी शक्ति वंदन अधिनियम को देश की महिलाओं के सम्मान, विश्वास और समान अवसर का सशक्त प्रतीक बताया है। संसद के बजट सत्र की विशेष बैठक में भाग लेने के लिए देहरादून से दिल्ली रवाना होते समय उन्होंने मातृशक्ति का आशीर्वाद लिया और कहा कि यह आशीर्वाद उनके संकल्प को नई ऊर्जा और दृढ़ता प्रदान करता है। इस दौरान सांसद ने कहा कि महिलाओं का सम्मान और उनकी सक्रिय भागीदारी केवल सामाजिक आवश्यकता नहीं है, बल्कि विकसित भारत के निर्माण की अनिवार्य शर्त है। उन्होंने इस बात पर जोर दिया कि जब तक देश की आधी आबादी को निर्णय प्रक्रिया में बराबरी का अवसर नहीं मिलेगा तब तक समग्र विकास संभव नहीं है।
सांसद ने वर्ष 2023 में पारित नारी शक्ति वंदन अधिनियम को एक ऐतिहासिक कदम बताते हुए कहा कि यह पीएम मोदी के दूरदर्शी और निर्णायक नेतृत्व का परिणाम है। इस अधिनियम के माध्यम से संसद और राज्य विधानसभाओं में महिलाओं के लिए 33 प्रतिशत आरक्षण का प्रावधान किया गया है, जो भारतीय लोकतंत्र में महिलाओं की भागीदारी को नई दिशा देगा। उनके अनुसार, यह कानून न केवल महिलाओं को राजनीतिक रूप से सशक्त करेगा बल्कि नीति निर्माण में उनकी प्रभावी उपस्थिति सुनिश्चित करेगा।

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी ने अपने शासनकाल में सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास और सबका प्रयास के मंत्र को आगे बढ़ाते हुए महिलाओं को विकास की मुख्यधारा में लाने के लिए कई ठोस पहल की हैं। नारी शक्ति वंदन अधिनियम उसी सोच का विस्तार है जिसमें महिलाओं को केवल योजनाओं की लाभार्थी नहीं, बल्कि राष्ट्र निर्माण की निर्णायक शक्ति के रूप में स्थापित किया जा रहा है। रावत ने यह भी कहा कि इस अधिनियम से आने वाले समय में संसद और विधानसभाओं में महिलाओं की संख्या बढ़ेगी जिससे निर्णय प्रक्रिया अधिक समावेशी, संवेदनशील और प्रभावी बनेगी।
उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि इससे देश की लोकतांत्रिक व्यवस्था और अधिक मजबूत होगी और महिलाओं को अपनी प्रतिभा और नेतृत्व क्षमता दिखाने का व्यापक मंच मिलेगा। अंत में उन्होंने कहा कि यह पहल देश की मातृशक्ति के प्रति सम्मान और विश्वास का प्रतीक है, जो उन्हें नई पहचान और नए अवसर प्रदान करेगी। उन्होंने उम्मीद जताई कि इस ऐतिहासिक कदम के माध्यम से भारत की आधी आबादी को सशक्त बनाकर विकसित भारत 2047 के लक्ष्य को हासिल करने में महत्वपूर्ण योगदान मिलेगा।










