NEET UG-2026 की पुनर्परीक्षा में शामिल होने वाले उत्तराखंड के अभ्यर्थियों को परीक्षा केंद्र तक पहुंचने के लिए उत्तराखंड परिवहन निगम की बसों में निशुल्क यात्रा सुविधा प्रदान की जाएगी। परिवहन निगम मुख्यालय की ओर से जारी आदेश के अनुसार यह सुविधा राज्य के स्थायी निवासियों को एक बार के आवागमन के लिए उपलब्ध होगी।
जारी निर्देशों के मुताबिक, पुनर्परीक्षा में शामिल होने वाले अभ्यर्थी अपने प्रवेश पत्र (एडमिट कार्ड) के आधार पर उत्तराखंड परिवहन निगम की साधारण श्रेणी की बसों में निशुल्क यात्रा कर सकेंगे। यात्रा राज्य के भीतर ही मान्य होगी और अभ्यर्थी को अपने गृह स्थान अथवा वर्तमान निवास/पढ़ाई के स्थान से परीक्षा केंद्र तक तथा परीक्षा समाप्ति के बाद वापस लौटने की अनुमति होगी।
परिवहन निगम ने स्पष्ट किया है कि यह सुविधा केवल उन अभ्यर्थियों को मिलेगी जिनके पास परीक्षा में सम्मिलित होने के लिए सक्षम प्राधिकारी द्वारा जारी वैध प्रवेश पत्र होगा। यात्रा निकटतम मार्ग से साधारण श्रेणी की बसों में ही की जाएगी। आदेश के अनुसार निशुल्क यात्रा सुविधा 19 जून 2026 की रात्रि 12 बजे से 23 जून 2026 की रात्रि 12 बजे तक प्रभावी रहेगी। अभ्यर्थी बस परिचालक को प्रवेश पत्र की हार्ड कॉपी के साथ-साथ मोबाइल में उपलब्ध सॉफ्ट कॉपी दिखाकर भी इस सुविधा का लाभ ले सकेंगे। परिवहन निगम ने सभी मंडलीय प्रबंधकों एवं डिपो अधिकारियों को निर्देश जारी करते हुए व्यवस्था का प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित करने को कहा है ताकि पुनर्परीक्षा में शामिल होने वाले विद्यार्थियों को किसी प्रकार की असुविधा न हो।
ध्यान रखें यह बातें
- केवल उत्तराखंड के स्थायी निवासी अभ्यर्थियों को मिलेगा लाभ।
- साधारण श्रेणी की रोडवेज बसों में होगी मुफ्त यात्रा।
- परीक्षा केंद्र तक आने-जाने के लिए एक बार की सुविधा।
- 19 जून से 23 जून 2026 तक रहेगी मान्य।
- एडमिट कार्ड की हार्ड या सॉफ्ट कॉपी दिखाना अनिवार्य।












