देहरादून में मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण कार्य (SIR) में जुटे बूथ लेवल अधिकारी (बीएलओ) के साथ हुई अभद्रता के मामले पर मुख्य निर्वाचन अधिकारी (सीईओ) ने बेहद सख्त रुख अपनाया है। मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने राज्य के सभी जिला निर्वाचन अधिकारियों (जिलाधिकारियों) को कड़े निर्देश जारी किए हैं कि यदि किसी भी बीएलओ या फील्ड स्टाफ के साथ असामाजिक तत्वों द्वारा अभद्रता या दुर्व्यवहार का कोई भी मामला सामने आता है तो उस पर तत्काल और कठोर कानूनी एक्शन लिया जाए।
मुख्य निर्वाचन अधिकारी डॉ. बीवीआरसी पुरुषोत्तम ने स्थिति को गंभीरता से लेते हुए कहा कि वर्तमान में पूरे प्रदेश में मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण का अत्यंत महत्वपूर्ण कार्य चल रहा है। इस अभियान को सफल बनाने के लिए बूथ लेवल ऑफिसर (बीएलओ) बेहद कठिन परिस्थितियों में और कड़े परिश्रम के साथ जमीनी स्तर पर काम कर रहे हैं। उन्होंने स्पष्ट किया कि ड्यूटी पर तैनात बीएलओ के साथ असामाजिक तत्वों द्वारा की जाने वाली अभद्रता जैसी घटनाएं न केवल निंदनीय हैं बल्कि यह फील्ड स्टाफ के मनोबल को गिराने का कार्य भी करती हैं जिसे किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
मतदाताओं से सहयोग की अपील
मामले की गंभीरता को देखते हुए मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने प्रदेश के आम मतदाताओं और नागरिकों से भी अपील की है। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र के इस महत्वपूर्ण कार्य में सभी नागरिक अपनी जिम्मेदारी समझें और विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान में आपके घरों तक पहुँच रहे बीएलओ और फील्ड स्टाफ का पूरा सहयोग करें ताकि एक पारदर्शी और त्रुटिहीन मतदाता सूची तैयार की जा सके।










