प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के देश के सबसे लंबे कार्यकाल वाले निर्वाचित प्रधानमंत्री बनने के ऐतिहासिक अवसर पर उत्तराखंड में 12 से 14 जून तक राज्यव्यापी जनसंपर्क, जनजागरूकता और जनकल्याण कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि केंद्र और राज्य सरकार की उपलब्धियों तथा जनहितकारी योजनाओं को जन-जन तक पहुंचाने के लिए सभी कार्यक्रमों का प्रभावी और व्यापक आयोजन सुनिश्चित किया जाए।
मुख्यमंत्री ने कहा कि तीन दिवसीय कार्यक्रमों के तहत प्रदेशभर में उपलब्धि प्रदर्शनी (अचीवमेंट एग्जीबिशन) आयोजित की जाएगी। इनमें केंद्र एवं राज्य सरकार की प्रमुख उपलब्धियों, विकास परियोजनाओं, जनकल्याणकारी योजनाओं और महत्वपूर्ण निर्णयों को प्रदर्शित किया जाएगा, ताकि आमजन सरकार की विकास यात्रा से अवगत हो सकें।
उन्होंने निर्देश दिए कि प्रत्येक विकासखंड स्तर पर जनकल्याण शिविर लगाए जाएं। इन शिविरों में आयुष्मान भारत, पीएम सूर्य घर योजना, लखपति दीदी सहित विभिन्न योजनाओं के लाभार्थियों और आम नागरिकों से संवाद किया जाएगा। साथ ही पात्र लाभार्थियों को योजनाओं का लाभ दिलाने और जनसमस्याओं के समाधान पर विशेष ध्यान दिया जाएगा। मुख्यमंत्री ने बताया कि 12 जून को सभी जिलों में जिला स्तरीय प्रेस वार्ताएं आयोजित की जाएंगी। इन प्रेस वार्ताओं के माध्यम से केंद्र और राज्य सरकार की उपलब्धियों, विकास कार्यों और प्रस्तावित कार्यक्रमों की जानकारी मीडिया के जरिए जनता तक पहुंचाई जाएगी।

उन्होंने अधिकारियों को उपलब्धियों पर आधारित तथ्यपरक और जनोपयोगी प्रस्तुतीकरण तैयार करने के निर्देश भी दिए हैं, जिसे विभिन्न माध्यमों से आमजन तक पहुंचाया जाएगा। साथ ही प्रभारी मंत्री अपने-अपने जिलों में संवाद कार्यक्रम आयोजित कर जनप्रतिनिधियों, प्रबुद्धजनों और विभिन्न वर्गों के साथ संवाद स्थापित करेंगे। मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश ने विकास, सुशासन, आधारभूत संरचना, जनकल्याण और वैश्विक प्रतिष्ठा के क्षेत्र में नए आयाम स्थापित किए हैं। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी कार्यक्रम पूर्ण समन्वय, व्यापक जनसहभागिता और प्रभावी प्रचार-प्रसार के साथ आयोजित किए जाएं।










