Uttarakhand : मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने बुधवार को सचिवालय में आयोजित एक कार्यक्रम के दौरान प्रदेश के समाज कल्याण विभाग के पेंशनभोगियों को बड़ी राहत दी। मुख्यमंत्री ने डिजिटल माध्यम से एक क्लिक कर अप्रैल माह की पेंशन के मद में 111 करोड़ 82 लाख 52 हजार रुपये की धनराशि सीधे लाभार्थियों के बैंक खातों में स्थानांतरित की। इस भुगतान से राज्य पोषित विभिन्न योजनाओं के कुल 7,56,682 पेंशनर्स लाभान्वित हुए हैं। इनमें वृद्धावस्था, विधवा, दिव्यांग, किसान और तीलू रौतेली पेंशन समेत अन्य श्रेणियों के पात्र व्यक्ति शामिल हैं।

प्रमुख घोषणाएं और निर्देश
मुख्यमंत्री ने कार्यक्रम के दौरान अधिकारियों को समाज कल्याण की प्रक्रियाओं को और अधिक सुगम बनाने के निर्देश दिए। सीएम ने कहा कि जो लोग 59 वर्ष की आयु पूरी कर रहे हैं, उनका पहले ही सर्वे कर औपचारिकताएं पूरी की जाएं ताकि 60 वर्ष का होते ही उनकी पेंशन शुरू हो सके। पात्र लोगों को जोड़ने के लिए बहुउद्देशीय कैंप जारी रखें। वर्तमान में हर साल 60 हजार से अधिक नए लोग इन योजनाओं से जुड़ रहे हैं। योजनाओं का दायरा बढ़ाने के लिए वार्षिक आय के मानकों को व्यावहारिक बनाने और सभी सूचनाएं एक स्थान पर उपलब्ध कराने को कहा। सीएम ने कहा कि विभाग को कॉल सेंटर के माध्यम से बुजुर्गों से नियमित संवाद करने और बेस्ट प्रैक्टिसेज को अन्य विभागों के साथ साझा करने के निर्देश दिए गए।
हमारी सरकार अंत्योदय के मंत्र पर चलते हुए आर्थिक और सामाजिक रूप से कमजोर वर्गों के सशक्तिकरण के लिए समर्पित है। हर जरूरतमंद को समय पर सहायता मिलना हमारी प्राथमिकता है।
पुष्कर सिंह धामी, मुख्यमंत्री










