Uttarakhand : मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के अनुमोदन के बाद राज्य सरकार ने वर्ष 2026-27 के लिए जिला योजना के तहत प्रदेश के सभी 13 जनपदों को कुल 1018.206 करोड़ आवंटित किए हैं। यह राशि जिलों की स्थानीय आवश्यकताओं को ध्यान में रखते हुए जारी की गई है। आवंटित धनराशि में अनुसूचित जाति उपयोजना के लिए 200.221 करोड़, अनुसूचित जनजाति उपयोजना के लिए 30.007 करोड़ और सामान्य मद में 787.978 करोड़ शामिल हैं।

पिछले वित्तीय वर्ष 2025-26 में जिला योजना के तहत 1010.23 करोड़ जारी किए गए थे, जिनमें से मार्च 2026 तक जनपदों ने 996.72 करोड़ खर्च किए। शेष राशि वित्त विभाग को वापस कर दी गई। जनपदवार आवंटन में पौड़ी को सर्वाधिक 119.977 करोड़ मिले हैं, जबकि देहरादून को 99.394 करोड़ आवंटित किए गए हैं। इसके अलावा टिहरी को 95.215 करोड़, चम्पावत को 76.914 करोड़, उत्तरकाशी को 76.542 करोड़, अल्मोड़ा को 74.737 करोड़, उधमसिंह नगर को 74.132 करोड़, चमोली को 74.237 करोड़, पिथौरागढ़ को 71.737 करोड़, नैनीताल को 70.189 करोड़, हरिद्वार को 67.356 करोड़, बागेश्वर को 59.618 करोड़ और रुद्रप्रयाग को 58.158 करोड़ की धनराशि दी गई है। मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि इस राशि से जिलों में आधारभूत संरचना, ग्रामीण विकास, पेयजल, सड़क, शिक्षा, स्वास्थ्य और अन्य जनोपयोगी योजनाओं को गति मिलेगी। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार संतुलित और समावेशी क्षेत्रीय विकास के लिए प्रतिबद्ध है।










