पीएम सूर्य घर योजना में उत्तराखंड ने देशभर में अपनी अलग पहचान बनाई है। सौर ऊर्जा के क्षेत्र में उल्लेखनीय प्रदर्शन करते हुए राज्य को राष्ट्रीय स्तर पर चार प्रमुख श्रेणियों में प्रथम स्थान प्राप्त हुआ है। नवीन एवं नवीकरणीय ऊर्जा मंत्रालय (एमएनआरई) की ओर से आयोजित राष्ट्रीय पुरस्कार समारोह में उत्तराखंड को यह सम्मान प्रदान किया गया। नई दिल्ली स्थित अटल अक्षय ऊर्जा भवन में आयोजित समारोह में केंद्रीय नवीन एवं नवीकरणीय ऊर्जा मंत्री प्रह्लाद जोशी ने उत्तराखंड को सम्मानित किया। उत्तराखंड पावर कॉरपोरेशन लिमिटेड (यूपीसीएल) के प्रबंध निदेशक जीएस बुदियाल ने राज्य की ओर से पुरस्कार ग्रहण किया। इस उपलब्धि को राज्य में स्वच्छ और हरित ऊर्जा को बढ़ावा देने की दिशा में बड़ी सफलता माना जा रहा है।
ऊर्जा विभाग के अधिकारियों के अनुसार मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी की प्राथमिकता के चलते प्रधानमंत्री सूर्य घर योजना को आम जनता तक पहुंचाने के लिए व्यापक स्तर पर अभियान चलाए गए। योजना के प्रति लोगों को जागरूक करने के लिए ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों में विशेष शिविर लगाए गए। साथ ही डिजिटल प्लेटफॉर्म के माध्यम से भी उपभोक्ताओं तक जानकारी पहुंचाई गई। यूपीसीएल ने योजना के तहत आवेदन प्रक्रिया को सरल बनाने के साथ ही उपभोक्ताओं को सोलर संयंत्र स्थापना तक हर स्तर पर सहायता उपलब्ध कराई। अधिकारियों का कहना है कि आवेदन, निरीक्षण और स्थापना की प्रक्रिया को पारदर्शी एवं समयबद्ध बनाने का लाभ सीधे उपभोक्ताओं को मिला। यही कारण रहा कि उत्तराखंड ने राष्ट्रीय स्तर पर सभी प्रमुख प्रदर्शन सूचकांकों में अग्रणी स्थान हासिल किया।

राज्य को सर्वाधिक उपभोक्ता आवेदन प्राप्त करने, सर्वाधिक रूफटॉप सोलर संयंत्र स्थापित करने, सर्वाधिक डिस्कॉम निरीक्षण करने और सर्वाधिक विक्रेता पंजीकरण कराने जैसी चार महत्वपूर्ण श्रेणियों में प्रथम स्थान मिला है। यह उपलब्धि दर्शाती है कि उत्तराखंड में सौर ऊर्जा को लेकर लोगों का रुझान तेजी से बढ़ा है और सरकार की योजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन हुआ है। विशेषज्ञों का मानना है कि इस सफलता से राज्य में अक्षय ऊर्जा के क्षेत्र में नए अवसर पैदा होंगे। साथ ही ऊर्जा आत्मनिर्भरता की दिशा में भी उत्तराखंड को मजबूती मिलेगी। प्रधानमंत्री सूर्य घर योजना के माध्यम से हजारों परिवारों को न केवल बिजली बिल में राहत मिल रही है, बल्कि स्वच्छ ऊर्जा को अपनाने की दिशा में भी महत्वपूर्ण बदलाव देखने को मिल रहा है।
क्या है प्रधानमंत्री सूर्य घर योजना?
इस योजना के तहत घरेलू उपभोक्ताओं को अपने घरों की छतों पर रूफटॉप सोलर संयंत्र लगाने के लिए केंद्र सरकार सब्सिडी उपलब्ध कराती है। योजना का उद्देश्य सौर ऊर्जा के उपयोग को बढ़ावा देना, बिजली बिल में कमी लाना और स्वच्छ ऊर्जा को जन-जन तक पहुंचाना है।
चार उपलब्धियां जिन्होंने दिलाया राष्ट्रीय सम्मान
उत्तराखंड को सर्वाधिक उपभोक्ता आवेदन, सर्वाधिक रूफटॉप सोलर संस्थापन, सर्वाधिक डिस्कॉम निरीक्षण और सर्वाधिक विक्रेता पंजीकरण की श्रेणियों में देशभर में पहला स्थान प्राप्त हुआ। इन उपलब्धियों के आधार पर राज्य को राष्ट्रीय पुरस्कार से सम्मानित किया गया।










