चारधाम यात्रा 2026 : केदारनाथ धाम में इस वर्ष श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ रही है। चारधाम यात्रा शुरू होने के बाद से बाबा केदार के दर्शन के लिए हर दिन हजारों श्रद्धालु पहुंच रहे हैं। यात्रा के पहले 28 दिनों में ही करीब साढ़े सात लाख श्रद्धालु केदारनाथ धाम पहुंच चुके हैं। यह संख्या पिछले वर्ष की तुलना में लगभग 30 हजार अधिक बताई जा रही है। 22 अप्रैल को कपाट खुलने के बाद से धाम में प्रतिदिन औसतन 28 हजार से अधिक श्रद्धालु दर्शन कर रहे हैं। पैदल मार्ग से लेकर हेलीकॉप्टर सेवा तक यात्रियों की लंबी कतारें देखी जा रही हैं। प्रशासन द्वारा यात्रा मार्ग पर सुरक्षा, स्वास्थ्य और यातायात की विशेष व्यवस्थाएं की गई हैं।
यात्रियों की बढ़ती संख्या से स्थानीय व्यापारियों और होटल व्यवसायियों में उत्साह है। अनुमान लगाया जा रहा है कि इस बार चारधाम यात्रा से करोड़ों रुपये का कारोबार होगा। प्रशासन ने श्रद्धालुओं से मौसम की जानकारी लेकर यात्रा करने और निर्धारित नियमों का पालन करने की अपील की है।

यात्रियों की संख्या बढ़ने से कारोबार में तेजी
चारधाम यात्रा में रिकॉर्ड संख्या में पहुंच रहे श्रद्धालुओं से स्थानीय कारोबार को बड़ा फायदा मिल रहा है। होटल, रेस्टोरेंट, घोड़ा-खच्चर, पालकी और हेलीकॉप्टर सेवाओं से जुड़े व्यवसायियों की आय में बढ़ोतरी हुई है। व्यापारियों का कहना है कि यदि मौसम अनुकूल रहा तो इस बार यात्रा सीजन पिछले सभी रिकॉर्ड तोड़ सकता है।










