Team India Champion : भारत की बेटियों ने पहला महिला विश्व कप जीत कर देशवासियों को गौरवान्वित किया है। इसके बाद से ही देशभर में जश्न का सिलसिला जारी है, खिताबी मुकाबले के बाद से बधाइयों का तांता लगा हुआ है। लेकिन विश्व कप में भारत की शेरनियों के जीत का सफर आसान नहीं रहा, लीग मुकाबले में दक्षिण अफ्रीका के सामने हार का स्वाद चखने और ऑस्ट्रेलिया-इंग्लैंड के खिलाफ भी हार का सामना करना पड़ा। इसके बाद भारत ने वापसी करते हुए न्यूजीलैंड के खिलाफ जीत हासिल की और सेमीफाइनल में जगह बनाई, हालांकि इससे पहले बांग्लादेश के खिलाफ भारत का मैच बारिश के कारण धुल गया। लेकिन इसका असर भारतीय टीम के प्रदर्शन पर बिल्कुल भी नहीं दिखा। इसके बाद सेमीफाइनल और फाइनल का भारत को जो प्रदर्शन रहा, वो सभी को दशकों तक याद रहेगा।

भारत की कप्तान हरमनप्रीत कौर और उनकी टीम ने विश्व कप के खिताबी मुकाबलों में भारत की पिछली हार का बदला ले लिया है। बता दें कि ये पहली बार नहीं था जब भारत की महिला क्रिकेट टीम विश्व कप के फाइनल में पहुंची हो। लेकिन तब भारत का सपना पूरे-पूरे होते रह गया था। लेकिन इस बार बेटियों ने अपनी तैयारी को पुख्ता करते हुए कोई कोर-कसर नहीं छोड़ी और खिताब पर कब्जा जमा कर ही दम लिया। भारतीय महिला क्रिकेट आज एक नए युग में प्रवेश कर चुका है। विश्व कप जीत के साथ भारत की बेटियों ने न केवल इतिहास रचा, बल्कि आने वाली पीढ़ियों के लिए एक नई राह भी बना दी। इस सफलता की सबसे बड़ी खूबसूरती यह है कि इस टीम में अनुभव के साथ-साथ नई ऊर्जा, साहस और निडरता का अद्भुत संगम है। शेफाली वर्मा, जेमिमा रॉड्रिग्स, ऋचा घोष, श्री चरणी, अमनजोत कौर और क्रांति गौड़, ये वो नाम हैं जिन्होंने अपने संघर्ष, प्रतिभा और जुनून से महिला क्रिकेट को नई ऊंचाइयों पर पहुंचा दिया है।

बीसीसीआई ने की इनाम का बारिश
वहीं इस जीत के बाद भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड के सचिव देवजीत सैकिया ने एलान किया कि टीम इंडिया को 51 करोड़ रुपये का इनाम दिया जाएगा। इसमें खिलाड़ी, कोचिंग स्टाफ और सपोर्ट टीम शामिल होंगे। उन्होंने कहा, ‘1983 में कपिल देव ने भारतीय क्रिकेट का नया अध्याय शुरू किया था, वैसा ही उत्साह अब हरमनप्रीत कौर और उनकी टीम ने जगाया है।’ इस दौरान बीसीसीआई सचिव ने आईसीसी अध्यक्ष जय शाह की भी तारीफ की, जिन्होंने महिलाओं के क्रिकेट में कई सुधार किए हैं, जैसे समान वेतन और इनामी राशि में 300% की बढ़ोतरी, जो अब 14 मिलियन डॉलर तक पहुंच गई है।
आईसीसी प्रतियोगिताओं में भारतीय महिला टीम (टी20 अंतरराष्ट्रीय और वनडे)
2000 – सेमीफाइनल (वनडे विश्व कप)
2005 – उपविजेता
2009 – सेमीफाइनल (टी20 विश्व कप)
2010 – सेमीफाइनल (टी20)
2017 – उपविजेता (वनडे विश्व कप)
2018 – सेमीफाइनल (टी20)
2020 – उपविजेता (टी20)
2023 – सेमीफाइनल (टी20)
2025 – चैंपियन

भारतवंशियों ने की खिलाड़ियों की प्रशंसा
सुंदर पिचाई ने सोशल मीडिया एक्स पर एक पोस्ट में लिखा, ‘यह महिला विश्व कप फाइनल बहुत रोमांचक था। 1983 और 2011 की यादें ताजा हो गईं। टीम इंडिया को बहुत-बहुत बधाई! यह जीत नई पीढ़ी को प्रेरणा देगी। दक्षिण अफ्रीका ने भी शानदार प्रदर्शन किया।’ वहीं सत्या नडेला ने भी ट्वीट कर कहा, ‘आज के दिन नई दास्तानें लिखी गईं, रुकावटें टूटीं, और दिग्गजों का जन्म हुआ। ‘वुमन इन ब्लू’ अब वर्ल्ड चैंपियन हैं! दक्षिण अफ्रीका ने भी अपनी पहली फाइनल तक पहुंचकर इतिहास रचा।
नीता अंबानी बोलीं- बेटियों ने हमें गर्व से भर दिया
वहीं रिलायंस फाउंडेशन की चेयरपर्सन नीता अंबानी ने इस जीत पर महिला खिलाड़ियों की जमकर तारीफ की और उन्हें बधाई भी दी है। उन्होंने कहा, ‘हमारी लड़कियों ने पहली बार विश्व कप जीता है। मुझे लगता है कि आपने जिस तरह साहस, दृढ़ विश्वास और आत्मविश्वास के साथ उन्होंने मुकाबला खेला है, उससे पूरे देश का सिर गर्व से ऊंचा हो गया है। हमें आप पर गर्व है।’








