सीएम धामी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारतीय सेना ने आतंकवाद के खिलाफ ऑपरेशन सिंदूर को सफलतापूर्वक अंजाम देकर देश की सैन्य शक्ति और रणनीतिक क्षमता का परिचय दिया है। उन्होंने कहा कि सेना के साहस, समर्पण और त्याग के कारण दुश्मन भारत की ओर आंख उठाने की हिम्मत नहीं कर सकता। मुख्यमंत्री सोमवार को देहरादून स्थित दून सैनिक इंस्टीट्यूट में ‘ऑपरेशन सिंदूर-शौर्य, सम्मान और वीरता’ के एक वर्ष पूर्ण होने पर आयोजित कार्यक्रम को संबोधित कर रहे थे।
उन्होंने कहा कि जब पूरा देश सो रहा था, तब भारतीय सेनाओं ने मात्र 22 मिनट में पाकिस्तान स्थित आतंकी ठिकानों को निशाना बनाकर ध्वस्त कर दिया। साथ ही भारत की अत्याधुनिक वायु सुरक्षा प्रणाली ने दुश्मन के हमलों को पूरी तरह विफल कर दिया और एक भी मिसाइल भारतीय जमीन पर नहीं गिरने दी। धामी ने कहा कि भारतीय सेनाओं ने चार दिनों के भीतर अपने पराक्रम से पाकिस्तान को युद्धविराम के लिए मजबूर कर दिया। मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तराखंड का सेना से विशेष भावनात्मक जुड़ाव है, क्योंकि राज्य के लगभग हर परिवार का कोई न कोई सदस्य सेना में सेवाएं देता है। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार सैनिकों का मनोबल बढ़ाने के साथ सेना को आधुनिक तकनीक और अत्याधुनिक हथियारों से सुसज्जित कर रही है।

उन्होंने कहा कि पिछले 12 वर्षों में भारत के रक्षा निर्यात में 38 गुना वृद्धि दर्ज की गई है और देश अब 80 से अधिक देशों को रक्षा उपकरण एवं हथियार निर्यात कर रहा है। धामी ने कहा कि ऑपरेशन सिंदूर ने यह साबित कर दिया है कि स्वदेशी हथियार दुनिया के किसी भी आधुनिक हथियार से कम नहीं हैं। मुख्यमंत्री ने सैनिकों और पूर्व सैनिकों के हित में राज्य सरकार द्वारा उठाए गए कदमों का भी उल्लेख किया। उन्होंने बताया कि शहीदों के परिजनों को दी जाने वाली अनुग्रह राशि में पांच गुना तक वृद्धि की गई है। वीरता पुरस्कार प्राप्त सैनिकों और पूर्व सैनिकों को दी जाने वाली एकमुश्त एवं वार्षिक सम्मान राशि भी बढ़ाई गई है।
उन्होंने कहा कि राज्य सरकार ने शहीद सैनिकों के परिवार के एक सदस्य को सरकारी नौकरी देने का निर्णय लिया है। इसके अलावा नौकरी के लिए आवेदन की समय सीमा दो वर्ष से बढ़ाकर पांच वर्ष कर गई है। वीरता पुरस्कार प्राप्त सैनिकों और पूर्व सैनिकों को सरकारी बसों में निशुल्क यात्रा तथा 25 लाख रुपये तक की स्थायी संपत्ति खरीदने पर स्टांप ड्यूटी में 25 प्रतिशत छूट भी दी जा रही है। कार्यक्रम में सैनिक कल्याण मंत्री गणेश जोशी, सचिव सैनिक कल्याण युगल किशोर पंत, मेजर जनरल शमी सभरवाल, मेजर जनरल डी. अग्निहोत्री, मेजर जनरल पी.एस. राणा, ब्रिगेडियर जेएनएस बिष्ट, ब्रिगेडियर केजी बहल, मेजर जनरल गुलाब सिंह रावत और वाइस एडमिरल अनुराग थपलियाल सहित कई सैन्य अधिकारी एवं गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
यह भी पढ़ें : स्क्रीन की कैद में बचपन…क्या बैन से बचेगा भविष्य?










